How to Clean Tiffin Rubber Seal: टिफिन की सफाई करते समय हम अक्सर उसके डिब्बे और ढक्कन पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन रबर सील को नजरअंदाज कर देते हैं. यही छोटी सी लापरवाही आगे चलकर परेशानी बन सकती है. रबर की सिलवटों में पानी, नमी और खाने के बारीक कण फंसने से वहां काले धब्बे दिखाई देने लगते हैं. खासकर जब टिफिन धोने के बाद उसे बिना सुखाए बंद करके रख दिया जाए, तो फफूंद जमने की आशंका बढ़ जाती है. अगर आपके टिफिन की रबर सील भी काले निशानों की वजह से गंदी हो गई है, तो उसे साफ करने के लिए घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद ली जा सकती है. आइए जानते हैं ऐसे आसान तरीके, जिनसे रबर सील की सफाई की जा सकती है.
1. बेकिंग सोडा और हल्के गर्म पानी से करें सफाई
रबर सील की गहरी सफाई के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकती हैं. एक बर्तन में हल्का गर्म पानी लें और उसमें 1 से 2 चम्मच बेकिंग सोडा मिला दें. अब टिफिन की रबर सील को निकालकर इस मिश्रण में करीब 20 से 30 मिनट के लिए रख दें. समय पूरा होने के बाद एक पुराने मुलायम टूथब्रश से रबर के कोनों और मोड़ वाली जगहों को धीरे-धीरे साफ करें. इसके बाद साफ पानी से धोकर रबर को पूरी तरह सूखने दें.
2. नींबू और नमक से साफ करें काले निशान
अगर बेकिंग सोडा घर में नहीं है, तो नींबू और नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए नींबू के रस में थोड़ा नमक मिलाकर मिश्रण तैयार करें. अब इसे रबर सील पर लगाएं और कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद पुराने टूथब्रश से हल्के हाथों से रबर को साफ करें. रबर की सिलवटों पर खास ध्यान दें, क्योंकि अक्सर गंदगी इन्हीं जगहों पर जमा होती है. सफाई के बाद इसे पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.
3. टूथपेस्ट और नमक से करें रबर सील की सफाई
रबर सील पर जमी गंदगी को हटाने के लिए टूथपेस्ट और नमक का मिश्रण भी आजमाया जा सकता है. थोड़े से टूथपेस्ट में चुटकी भर नमक मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इसे रबर सील पर लगाकर कुछ मिनट के लिए छोड़ दें. अब किसी पुराने टूथब्रश से रबर को धीरे-धीरे रगड़ें और फिर पानी से अच्छी तरह धो लें. सफाई के बाद रबर सील को खुली जगह पर सूखने दें.
रबर सील को फफूंद से बचाने के लिए ध्यान रखें ये बातें
टिफिन धोने के बाद रबर सील को तुरंत ढक्कन में लगाकर बंद न करें. पहले रबर और ढक्कन को अच्छी तरह सूखने दें. समय-समय पर रबर सील को निकालकर अलग से साफ करना भी जरूरी है. इससे नमी और खाने के कण लंबे समय तक जमा नहीं होंगे.
यह भी पढ़ें: Kitchen Tips: फ्रिज में रखा खाना बार-बार गर्म करके खाते हैं? पहले जान लें इससे होने वाले नुकसान
