Hotel Check-in Guide: चाहे आप किसी फैमिली ट्रिप पर हों, ऑफिस के काम से ट्रैवल कर रहे हों या फिर किसी भी काम से दूसरे शहर में ठहर रहे हों, होटल का कमरा ही ऐसे में हमारा ठिकाना बनता है. जब आप पूरे दिन थकने के बाद अपने होटल के रूम में आते हैं तो यही कमरा आपको सुकून देता है. लेकिन अक्सर लोग जैसे ही होटल के कमरे में चेक-इन करते हैं, बिना कुछ सोचे-समझे अपना बैग सीधे सोफे पर फेंकते हैं और बिस्तर पर जाकर लेट जाते हैं. अगर आपकी भी यही आदत है, तो आपको यह समझना चाहिए कि आपकी इस एक गलती का काफी बुरा असर आपकी सेहत, आपकी पॉकेट और आपकी प्राइवेसी पर पड़ सकता है. भले ही आपके होटल का कमरा दिखने में कितना ही आलीशान क्यों न हो, वहां बिना कुछ चीजों को जांचे-परखे रुक जाना कभी भी समझदारी नहीं है.
अगर आप चाहते हैं कि आपकी अगली फैमिली या बिजनेस ट्रिप पूरी तरह से सुरक्षित और बिना किसी टेंशन के बीते, तो आपको इस आर्टिकल को लास्ट तक जरूर पढ़ना चाहिए. आज हम आपको 5 ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आपको होटल के कमरे में चेक-इन करते समय बिना देरी किए चेक कर लेना चाहिए. तो चलिए, इन चीजों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
दरवाजे और खिड़कियों के लॉक जरूर चेक करें
जब आप होटल के कमरे में कदम रखते हैं, तो आपका सबसे पहला काम होना चाहिए वहां की सेफ्टी चेक करना. आखिरकार आपकी और आपके सामान की सेफ्टी ही सबसे पहले आती है. जैसे ही आप कमरे में कदम रखें, तो सबसे पहले दरवाजे का मेन लॉक, छिटकनी और सेफ्टी चेन को ठीक से चेक करें कि यह सही से काम कर रहे हैं या नहीं. इसे दो से तीन बार अच्छे से खोलकर और बंद करके देख लें. अगर आपके कमरे में बालकनी या खिड़की है, तो उसे भी चेक करें कि वह अंदर से अच्छे से बंद हो रही है या नहीं. अगर आपको लॉक में जरा सी भी खराबी महसूस हो, तो बिना देरी किए रिसेप्शन पर कॉल करके कमरा बदलने के लिए कहें.
बिस्तर की सफाई और खटमल की जांच
जब बात पूरे दिन की थकान को मिटाने की आती है, तो ऐसे में एक साफ-सुथरा और अच्छे से व्यवस्थित बिस्तर सबसे ज्यादा जरूरी हो जाता है. अगर आप एक गंदे बिस्तर पर सोएंगे तो आपकी तबीयत खराब हो सकती है और अगर इस बिस्तर में खटमल निकल आएं, तो इससे आपकी पूरी ट्रिप का मजा खराब हो सकता है. कमरे में कदम रखते ही बिस्तर पर लेटने से पहले गद्दे की चादर को उठाकर अच्छे से चेक कर लें. इसके अलावा गद्दे के कोनों और स्टिचिंग के पास भी अच्छे से चेक कर लें कि कहीं कोई छोटा कीड़ा या फिर लाल-ब्राउन रंग के धब्बे तो नहीं हैं. अगर बिस्तर से बदबू आ रही है या फिर यहां गंदगी दिख रही है, तो होटल स्टाफ को बुलाकर चादर को तुरंत चेंज करवा लें.
बाथरूम की सफाई और गीजर से गर्म पानी
अगर आप किसी होटल में रुकने की सोच रहे हैं, तो आपको उसके बाथरूम की सफाई का ख्याल जरूर रखना चाहिए. बाथरूम का साफ होना आपकी सेहत के लिए बहुत जरूरी होता है. अगर बाथरूम गंदा हो, तो इसकी वजह से बीमारियों और इंफेक्शन के फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है. बाथरूम में जाकर चेक करें कि टॉयलेट सीट, नल और शावर पूरी तरह से साफ हैं या नहीं. इसके तुरंत बाद गीजर ऑन करके देखें कि उसमें से गर्म पानी आ भी रहा है या नहीं. कई बार लोग सुबह तैयार होते समय गीजर ऑन करते हैं और तब जाकर उन्हें पता चलता है कि यह खराब हो चुका है. अगर गीजर खराब निकल जाए, तो आपका काफी समय इसे सही कराने में ही बर्बाद हो सकता है.
छिपे हुए कैमरे और प्राइवेसी का ख्याल रखना भी जरुरी
आजकल के समय में लोग अपनी प्राइवेसी को लेकर बहुत सावधान रहने लग गए हैं. होटल के कमरों में छिपे हुए कैमरे मिलने की खबरें आए दिन न्यूज में आती रहती हैं. जब आप होटल के कमरे में चेक-इन करें, तो उस समय खुद को थोड़ा सतर्क रखें. कमरे की सारी लाइट्स बंद कर दें और एक बार पूरे कमरे में अंधेरा करके चेक कर लें. अगर टीवी, एसी, छत पर लगे स्मोक डिटैक्टर या फिर किसी शो-पीस में लाल या हरे रंग की छोटी लाइट टिमटिमाती हुई दिखे, तो उसे नजरअंदाज करने की गलती कभी भी न करें. आप अपने फोन की टॉर्च और कैमरे से भी कोनों की जांच कर सकते हैं. इसके अलावा बाथरूम के शीशे पर अपनी उंगली रखकर देखें, अगर आपकी उंगली और शीशे में दिख रही उंगली के बीच थोड़ा सा गैप नहीं है, तो हो सकता है कि वह टू-वे मिरर हो.
चेक करें टीवी, एसी और चार्जिंग पॉइंट
अगर आप होटल के कमरे में आराम से अपना समय बिताना चाहते हैं, तो यह काफी जरूरी हो जाता है कि आप टीवी, एसी और फोन चार्जर के प्लग को अच्छी तरह से चेक कर लें. कमरे में घुसते ही सबसे पहले रिमोट से एसी चलाकर चेक करें कि कूलिंग सही से हो रही है या नहीं. इसके अलावा कमरे के सारे स्विच बोर्ड में अपना स्मार्टफोन लगाकर चेक करें कि उसमें बिजली आ रही है या नहीं. इसके बाद कमरे का लैंडलाइन फोन उठाकर रिसेप्शन पर कॉल करके देखें कि वह चालू है या नहीं. अगर कोई भी चीज खराब मिले, तो तुरंत होटल स्टाफ को बता दें, ताकि चेक-आउट के समय वे इसका हर्जाना आपसे न मांगें.
ये भी पढ़ें: रात को अच्छी नींद के साथ अच्छे सपने भी चाहिए? सोने से पहले जरूर कर लें ये 5 काम
