How to grow clove in pot at home: भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाली लौंग सिर्फ एक मसाला ही नहीं, बल्कि कई औषधीय गुणों से भरपूर पौधा भी है. इसका उपयोग खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ पारंपरिक घरेलू उपायों में भी किया जाता है. बहुत से लोग सोचते हैं कि लौंग केवल बाजार से ही खरीदी जा सकती है, लेकिन सही जानकारी और थोड़ी देखभाल के साथ इसे घर के गमले में भी उगाया जा सकता है. अगर आप अपने होम गार्डन में एक अलग और उपयोगी पौधा लगाना चाहते हैं, तो लौंग का पौधा अच्छा विकल्प हो सकता है.
सही पौधा या ताजा बीज चुनें
लौंग उगाने के लिए रसोई में रखी सूखी लौंग का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. इसके लिए ताजे और जीवित बीज या फिर किसी भरोसेमंद नर्सरी से खरीदा गया छोटा पौधा बेहतर रहता है. इससे पौधे के सफलतापूर्वक बढ़ने की संभावना अधिक रहती है.
गमला और मिट्टी कैसी हो?
लौंग की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह चाहिए. इसलिए कम से कम 12 से 15 इंच गहरा और चौड़ा गमला चुनें. मिट्टी तैयार करते समय सामान्य बगीचे की मिट्टी, वर्मीकंपोस्ट और रेत को मिलाएं. अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी पौधे की स्वस्थ वृद्धि में मदद करती है.
धूप और तापमान का रखें ध्यान
लौंग का पौधा बहुत तेज धूप या अधिक ठंड को पसंद नहीं करता. इसे ऐसी जगह रखें जहां दिन में 3 से 4 घंटे हल्की धूप मिले. यदि तापमान बहुत कम हो जाए, तो गमले को सुरक्षित स्थान या घर के अंदर रखना बेहतर रहेगा.
पानी और नमी का संतुलन जरूरी
लौंग का पौधा नमी पसंद करता है, लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए. जब मिट्टी की ऊपरी परत सूखी महसूस हो, तभी पानी दें. गर्म मौसम में पौधे के आसपास हल्का पानी का छिड़काव करने से नमी बनी रहती है.
समय-समय पर दें खाद
बेहतर विकास के लिए हर 30 से 45 दिनों में वर्मीकंपोस्ट या नीम खली डालें. साथ ही सूखी और पीली पत्तियों की नियमित छंटाई करते रहें. इससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा अधिक घना व स्वस्थ बनता है. सही देखभाल के साथ लौंग का पौधा आपके घर की हरियाली बढ़ाने के साथ उपयोगी भी साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में हेलमेट से क्यों आती है बदबू? जानें सफाई का सही तरीका
