Gen Z Soft Launch Trend: आजकल लोग सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी की कई बातें शेयर करते हैं. लेकिन जब बात नए रिश्ते की हो, तो हर कोई इसे तुरंत सबके सामने नहीं लाना चाहता. ऐसे में Gen Z का सॉफ्ट लॉन्च ट्रेंड काफी पसंद किया जा रहा है. इसमें पार्टनर की छोटी-सी झलक दिखाई जाती है, लेकिन चेहरा नहीं दिखाया जाता.
क्या होता है सॉफ्ट लॉन्च?
सॉफ्ट लॉन्च का आसान मतलब है रिश्ते की हल्की-सी झलक सोशल मीडिया पर शेयर करना. इसमें पार्टनर का चेहरा या नाम सामने नहीं लाया जाता है. जैसे फोटो में दो कॉफी कप दिखाना, किसी का हाथ नजर आना, साथ में डिनर की तस्वीर लगाना या दो लोगों की परछाई दिखाना. इससे लोगों को अंदाजा हो जाता है कि आपकी जिंदगी में कोई खास व्यक्ति है.
सॉफ्ट लॉन्च और हार्ड में क्या अंतर है?
सॉफ्ट लॉन्च में रिश्ते को धीरे-धीरे दिखाया जाता है. पार्टनर का चेहरा या नाम तुरंत सामने नहीं आता. वहीं हार्ड लॉन्च में कपल खुलकर साथ की फोटो शेयर करते हैं. पार्टनर को टैग करते हैं और रिश्ते के बारे में साफ तौर पर बताते हैं. यानी सॉफ्ट लॉन्च में बस इशारा होता है, जबकि हार्ड लॉन्च में रिश्ता खुलकर सामने आ जाता है.
Gen Z को क्यों पसंद आ रहा है सॉफ्ट लॉन्च?
इस ट्रेंड को पसंद करने की सबसे बड़ी वजह है निजी जिंदगी को थोड़ा अपने तक रखना. लोग रिश्ते की खुशी सोशल मीडिया पर शेयर करना चाहते हैं, लेकिन पार्टनर की पूरी जानकारी नहीं देना चाहते. नए रिश्ते में यह तरीका काफी आसान भी लगता है. अगर रिश्ता आगे बढ़ता है, तो बाद में साथ की फोटो शेयर की जा सकती है. वहीं शुरुआत में सब कुछ बताने की जरूरत नहीं पड़ती.
पार्टनर का चेहरा न दिखाने से बढ़ता है सस्पेंस
Soft Launch में पार्टनर का चेहरा नहीं दिखता, इसलिए दोस्तों और फॉलोअर्स की उत्सुकता बढ़ जाती है. कभी सिर्फ हाथ की फोटो, कभी दो लोगों की कॉफी और कभी साथ घूमने की तस्वीर. ऐसी छोटी-छोटी झलक देखकर लोग पूछने लगते हैं कि आखिर तस्वीर में कौन है. यही मजेदार अंदाज इस ट्रेंड को और खास बनाता है.
हर सॉफ्ट लॉन्च का मतलब रिश्ता नहीं
अगर कोई व्यक्ति ऐसी फोटो शेयर कर रहा है, तो यह जरूरी नहीं कि वह रिलेशनशिप में ही हो. कई लोग सिर्फ मजाक या सोशल मीडिया ट्रेंड के लिए भी ऐसी तस्वीरें पोस्ट करते हैं. इसलिए सिर्फ किसी एक फोटो या स्टोरी को देखकर किसी के रिश्ते के बारे में अंदाजा लगाना सही नहीं है.
सोशल मीडिया से ज्यादा जरूरी है रिश्ता
पार्टनर को सोशल मीडिया पर दिखाना है या नहीं, यह दोनों की मर्जी पर होना चाहिए. किसी रिश्ते की खुशी सिर्फ फोटो या स्टोरी से तय नहीं होती. Soft Launch एक मजेदार सोशल मीडिया ट्रेंड है, लेकिन असली रिश्ते की खुशी आपसी समझ, भरोसे और सम्मान से आती है.
यह भी पढ़ें: रिश्ते को बनाना है मजबूत? इन छोटी आदतों से बढ़ाएं इमोशनल कनेक्शन
