घर में रोज इस्तेमाल होने वाली इन चीजों की भी होती है एक्सपायरी डेट, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी

Expiry Guide: रोज इस्तेमाल होने वाली कई चीजें ऐसी होती हैं जिनकी लाइफ सीमित होती है, लेकिन हम उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं. यही छोटी लापरवाही आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है. अगर आप भी ऐसी गलतियां करते हैं, तो अब समय है सतर्क होने का और अपनी आदतें सुधारने का.

Expiry Guide: अक्सर हम खाने-पीने की चीजों की एक्सपायरी डेट तो जरूर चेक करते हैं, लेकिन घर पर कुछ ऐसी चीजें भी होती हैं जिनकी एक्सपायरी डेट को हम अनजाने में अनदेखा कर देते हैं. अगर समय रहते आप इन चीजों को बदलते नहीं हैं और इनका इस्तेमाल करते रहते हैं, तो हो सकता है कि आगे चलकर आपकी सेहत को कई तरह के नुकसान हो सकते हैं. आपकी सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े इसलिए आज की इस आर्टिकल में हम कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी एक्सपायरी डेट पर आपको खास ध्यान देना चाहिए. तो चलिए इन चीजों के बारे में विस्तार से जानते हैं.

टूथब्रश की एक्सपायरी डेट

ज्यादातर लोगों की यह आदत होती है कि वे टूथब्रश का इस्तेमाल तबतक करते रहते हैं, जबतक वह पूरी तरह से घिसकर खराब न हो जाए. अगर आप भी इन्हीं में से एक हैं तो आपको बता दें, एक टूथब्रश की एक्सपायरी लगभग 3 महीनों की होती है. 3 महीने के बाद ब्रिसल्स घिस जाते हैं और आपके दांतों की सफाई भी ठीक से नहीं होती है. इसके अलावा पुराने टूथब्रश में बैक्टीरिया भी इकठ्ठा होने लगते हैं और इसके साथ ही मुंह से जुड़ी कई तरह की दिक्कतें भी होने लगती है.

यह भी पढ़ें: किचन में घंटों बिताने के बाद भी काम खत्म नहीं होता? ये आसान हैक्स बदल देंगे आपकी जिंदगी

किचन स्पंज का भी रखें ख्याल

आप जिस स्पंज से बर्ताव को धो रहे हैं, वह भले ही दिखने में साफ लगे, लेकिन उसमें ही सबसे ज्यादा बैक्टीरिया पनपने का खतरा रहता है. आपको कोशिश करनी चाहिए कि आप इस स्पंज को हर 2 से 3 हफ्ते में ही इसे बदल लें. जब आप एक ही स्पंज का इस्तेमाल लंबे समय तक करते रहते हैं, तो बर्तन पूरी तरह से साफ नहीं हो पाते. इसके अलावा इन्फेक्शन का खतरा भी काफी बढ़ जाता है.

तौलिये की सफाई भी जरूरी

तौलिये का इस्तेमाल हम हर दिन करते हैं, लेकिन अक्सर उसकी सफाई और एक्सपायरी डेट को अनजाने में नजरअंदाज कर देते हैं. अगर आपका तौलिया काफी ज्यादा पुराना हो गया है तो उसमें से बदबू आने लगेगी. अगर ऐसा हो रहा है तो तौलिये को जितनी जल्दी हो सके बदल लें. आपको कोशिश करनी चाहिए कि आप 1 से 1.5 साल में तौलिये को बदल दें. लंबे समय तक इस्तेमाल किये जाने की वजह से तौलिये में बैक्टीरिया और फंगस बढ़ने लगते हैं.

मेकअप प्रोडक्ट्स की एक्सपायरी डेट

मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते समय अक्सर महिलाएं इसकी एक्सपायरी डेट को नजरअंदाज कर देती हैं. अगर आप अपनी स्किन को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहती हैं, तो बता दें मस्कारा 3 से 6 महीने, फॉउंडेशन 1 साल और लिपस्टिक 1 से 2 साल तक ही इस्तेमाल करने के लिए सुरक्षित होती है. कई बार इन्हें समय पर इन्हें न बदलने से स्किन एलर्जी, पिंपल्स और इन्फेक्शन का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है.

यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां? जान लें वरना होगा नुकसान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saurabh Poddar

मैं सौरभ पोद्दार, पिछले लगभग 3 सालों से लाइफस्टाइल बीट पर लेखन कर रहा हूं. इस दौरान मैंने लाइफस्टाइल से जुड़े कई ऐसे विषयों को कवर किया है, जो न सिर्फ ट्रेंड में रहते हैं बल्कि आम पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी से भी सीधे जुड़े होते हैं. मेरी लेखनी का फोकस हमेशा सरल, यूजर-फ्रेंडली और भरोसेमंद भाषा में जानकारी देना रहा है, ताकि हर वर्ग का पाठक कंटेंट को आसानी से समझ सके. फैशन, हेल्थ, फिटनेस, ब्यूटी, रिलेशनशिप, ट्रैवल और सोशल ट्रेंड्स जैसे विषयों पर लिखना मुझे खास तौर पर पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >