Fake Food Detection: देसी घी भारतीय रसोई का एक खास हिस्सा है. खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ इसे कई लोग सेहत के लिए भी फायदेमंद मानते हैं. लेकिन बाजार में बढ़ती मिलावट के कारण असली और नकली घी की पहचान करना आसान नहीं रह गया है. हाल ही में महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में FDA की कार्रवाई के दौरान एक डेयरी में मिलावटी घी और अन्य खाद्य पदार्थ मिलने का मामला सामने आया, जिसके बाद एक बार फिर घी की शुद्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
जांच में सामने आया कि सोयाबीन तेल का इस्तेमाल कर नकली पनीर और गाय का घी तैयार किया जा रहा था. FDA ने मौके से मिलावटी घी, पनीर, क्रीम और खाद्य तेल समेत करीब 3.12 लाख रुपये का सामान जब्त किया. ऐसे में जरूरी है कि घी खरीदते समय कुछ आसान तरीकों से उसकी शुद्धता को परखा जाए.
Ghee Quality Test: घी की शुद्धता कैसे जांचें?
हथेली पर रखकर देखें
थोड़ा सा घी अपनी हथेली पर रखें. अगर घी कुछ ही सेकंड में शरीर की गर्मी से पिघलने लगे, तो यह शुद्ध होने का संकेत हो सकता है. अगर यह लंबे समय तक वैसे ही बना रहे, तो उसमें मिलावट होने की संभावना हो सकती है.
आयोडीन टेस्ट करें
एक चम्मच पिघले हुए घी में आयोडीन सॉल्यूशन की कुछ बूंदें डालें. अगर घी का रंग नीला या बैंगनी होने लगे, तो यह स्टार्च की मिलावट का संकेत हो सकता है. यह एक आसान घरेलू टेस्ट माना जाता है.
गर्म पानी या फ्रिज टेस्ट
घी को गर्म पानी में डालकर या कुछ समय के लिए फ्रिज में रखकर देखें. शुद्ध घी आमतौर पर एक समान जमता है. अगर उसमें अलग-अलग परतें दिखाई दें, तो मिलावट की आशंका हो सकती है.
यह भी पढ़ें: सुबह नाश्ते की टेंशन होगी दूर, घर पर बनाकर रखें Upma Premix
असली पनीर VS एनालॉग पनीर
असली पनीर दूध से बनाया जाता है और यह प्रोटीन, कैल्शियम समेत कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है. वहीं, एनालॉग पनीर दूध की बजाय वेजिटेबल ऑयल, स्टार्च और अन्य गैर-डेयरी सामग्री से तैयार किया जाता है. इसका स्वाद और बनावट असली पनीर जैसी हो सकती है, लेकिन इसका पोषण मूल्य अलग होता है. कई बार इसे असली पनीर के नाम पर बेचा जाता है, जिससे ग्राहक आसानी से भ्रमित हो सकते हैं.
Paneer Quality Test: पनीर की शुद्धता कैसे पहचानें?
हाथ से दबाकर देखें
पनीर का छोटा टुकड़ा हाथ से हल्के से दबाएं. असली पनीर आसानी से टूट जाता है. अगर पनीर बहुत ज्यादा रबर जैसा खिंचने लगे या जरूरत से ज्यादा सख्त महसूस हो, तो वह सिंथेटिक या मिलावटी हो सकता है.
गर्म पानी और आयोडीन टेस्ट
पनीर के टुकड़े को कुछ मिनट के लिए गर्म पानी में रखें. इसके बाद उस पर आयोडीन की एक-दो बूंदें डालें. अगर रंग नीला पड़ जाए, तो उसमें स्टार्च या अन्य मिलावटी पदार्थ होने की संभावना हो सकती है.
खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
हमेशा भरोसेमंद ब्रांड या विश्वसनीय डेयरी से ही घी और पनीर खरीदें. पैक्ड प्रोडक्ट लेते समय पैकेजिंग, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर देखें. अगर किसी प्रोडक्ट का रंग, स्वाद, गंध या बनावट सामान्य से अलग लगे, तो उसका इस्तेमाल करने से बचें.
यह भी पढ़ें: न पोहा, न पराठा, नाश्ते में ट्राई करें Chef Kunal Kapur का ये झटपट बन डोसा
