5 Ways To Use Sandwich Grill: अक्सर लोग सैंडविच ग्रिल को केवल सैंडविच बनाने तक ही सीमित समझते हैं, लेकिन थोड़ा सा क्रिएटिव होकर सोचा जाए तो यही किचन अप्लायंस कई शानदार रेसिपी बनाने में भी काम आ सकता है. सैंडविच ग्रिल में कम तेल में खाना जल्दी और अच्छे से पक जाता है. अगर आपके किचन में भी सैंडविच ग्रिल है तो आप इसका इस्तेमाल इन 5 डिशेज को बनाने में कर सकते हैं. इन आसान और क्रिएटिव आइडियाज के बारे में शेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया है.
टिक्का बना सकते हैं
अगर आपको टिक्का खाना पसंद है तो इसे बनाने के लिए तंदूर या ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप इसे सैंडविच ग्रिल में आसानी से बना सकते हैं. दही में मसाले, तेल, नमक और बेसन डालकर पेस्ट तैयार करें. इसमें आप पनीर, सब्जियां, मीट या सोया चाप को मैरिनेट करें. फिर ग्रिल कर लें.
स्टफ्ड वेजिटेबल्स बना सकते हैं
स्टफ्ड वेजिटेबल्स बनाने के लिए आप 1 चम्मच सौंफ पाउडर और लाल मिर्च पाउडर को लें. इसमें आप आधा चम्मच गरम मसाला, कलौंजी और हल्दी को डाल दें. नमक, 1 बड़ा चम्मच तेल और अमचूर पाउडर को डाल दें. आप अपनी पसंदीदा सब्जी को स्लिट करें. इसमें आप मसाला को भरें. सब्जियों के ऊपर थोड़ा सा तेल लगा लें. फिर सैंडविच ग्रिल में डालकर सब्जियों को ग्रिल कर लें.
वॉफल्स बना सकते हैं
आप वॉफल्स को भी सैंडविच ग्रिल में बना सकते हैं. इसके लिए आधा कप छाछ, एक चौथाई कप तेल, 1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस, आधा कप पिसी चीनी, 1 कप मैदा और 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर को मिलाकर घोल बना लें. बैटर को डालें और ढक्कन बंद कर दें. क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन वॉफल्स को आप बाहर निकाल लें. इन्हें आप शहद या चॉकलेट सिरप के साथ सर्व कर सकते हैं.
पराठा तैयार कर सकते हैं
सैंडविच ग्रिल में आप स्टफ्ड पराठा बना सकते हैं. आलू की स्टफिंग डालकर पराठा को बेल लें. इसे आप गोल के बजाय चौकोर आकार में बेल लें. फिर इसे सैंडविच ग्रिल में डालकर पका लें.
हैश ब्राउन तैयार कर सकते हैं
अगर आपको आलू से बनी डिश खाना पसंद है तो आप हैश ब्राउन को ट्राई कर सकते हैं. कद्दूकस किए हुए आलू से पानी निचोड़ लें. इसमें नमक, बटर, 1 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर और 1 छोटा चम्मच कॉर्न फ्लोर डालकर मिला लें. सैंडविच ग्रिल में थोड़ा बटर डालकर हैश ब्राउन को ग्रिल कर लें.
यह भी पढ़े: धनिया पत्ती से लेकर पालक तक, फ्रेश रखने के लिए ट्राई करें अरुणा के किचन टिप्स
यह भी पढ़े: Easy Ways to Remove Stickers: स्टिकर हटाना हुआ आसान बर्तन से स्टिकर और दाग दोनों हटाएं इन आसान तरीकों से
