कर्रा से सगीर अहमद की रिपोर्ट
Khunti Road Accident: झारखंड के खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान रूजू गांव निवासी बहादुर होरो के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
लूना का नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुर होरो शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने टीवीएस लूना से गांव में ही घूम रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया. संतुलन बिगड़ने के कारण लूना सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी. हादसा इतना गंभीर था कि बहादुर होरो को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की.
एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया
ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से घायल बहादुर होरो को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा लाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलने के बाद जरियागढ़ थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
इसे भी पढ़ें: अनगड़ा की शराब दुकान में ठांय-ठांय गोली चलाने वाले चले गए जेल, अब पीसेंगे चक्की
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बहादुर होरो अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: इटखोरी में अनजान गाड़ी की टक्कर से दो बाइक सवार की मौत, छाया मातम
