KBC 18: 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के सेट पर इस बार अमिताभ बच्चन के साथ cनजर आए. तीनों ने बिग बी के साथ खूब मस्ती की और उनके फिल्मी करियर से जुड़े कई पुराने किस्से भी सुने. इसी दौरान वरुण ग्रोवर ने अमिताभ बच्चन से उनके करियर के बेहद खास दौर यानी 1975 को लेकर एक दिलचस्प सवाल पूछा.
वरुण ग्रोवर ने 1975 की फिल्मों को लेकर पूछा सवाल
वरुण ग्रोवर ने अमिताभ बच्चन को याद दिलाया कि 1975 में उनकी दीवार, शोले और चुपके चुपके जैसी फिल्में आई थीं. खास बात यह थी कि इन फिल्मों में बिग बी के किरदार और अंदाज एक-दूसरे से काफी अलग थे. वरुण ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि उस समय फिल्मों की शूटिंग लंबे समय तक चलती थी, तो एक्टर एक फिल्म के किरदार से दूसरी फिल्म के किरदार में इतनी आसानी से कैसे बदल जाते थे? मसलन, एक दिन शोले की शूटिंग और अगले दिन चुपके चुपके जैसी बिल्कुल अलग फिल्म के सेट पर पहुंचना कैसे संभव होता था?
अमिताभ बच्चन ने बताया कैसे होती थी शूटिंग
वरुण के सवाल का जवाब देते हुए अमिताभ बच्चन ने उस दौर के काम करने के तरीके के बारे में बताया. बिग बी के मुताबिक, तब कलाकारों को एक साथ कई फिल्मों में काम करना पड़ता था. इसकी एक बड़ी वजह काम और पैसों की जरूरत थी. अमिताभ ने बताया कि उस दौर में शूटिंग का शेड्यूल आज की तरह सीमित नहीं था. कलाकार अलग-अलग फिल्मों के लिए लगातार काम करते थे और एक ही दिन में कई शिफ्ट तक शूटिंग करनी पड़ती थी.
तीन शिफ्ट में होता था काम
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उस समय शूटिंग के लिए तीन शिफ्ट हुआ करती थीं. पहली शिफ्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक और तीसरी शिफ्ट रात 10 बजे से अगली सुबह 6 बजे तक चलती थी. यानी कलाकारों का काम कई बार दिन से लेकर पूरी रात तक चलता था. इसी वजह से वे एक ही समय में अलग-अलग फिल्मों की शूटिंग संभाल पाते थे.
वरुण ग्रोवर समेत तीनों मेहमान हुए हैरान
अमिताभ बच्चन की बातें सुनकर वरुण ग्रोवर, गौरव कपूर और गौरव गुप्ता भी पुराने दौर के इस शूटिंग सिस्टम को जानकर हैरान नजर आए. KBC 18 का यह सेगमेंट अमिताभ बच्चन के करियर के उस दौर की झलक दिखाता है, जब एक्टर एक साथ कई फिल्मों की शूटिंग किया करते थे.
