Isha Rikhi:बिग बॉस 20 का आगाज होने वाला है और इस बार घर में एंट्री लेने वाले कई कंटेस्टेंट्स के नाम कन्फर्म हो चुके हैं. लेकिन शो शुरू होने से पहले ही एक नाम ऐसा है, जिसने सबसे ज्यादा उत्सुकता बढ़ा दी है. पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी भी बिग बॉस के घर में नजर आने वाली हैं. अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहीं ईशा अब पहली बार इतने बड़े मंच पर अपनी कहानी सामने रख सकती हैं. खासकर उनकी शादी, रिश्ते और अचानक हुए अलगाव को लेकर दर्शकों के मन में कई सवाल हैं. क्या बिग बॉस के घर में ईशा उन सवालों के जवाब देंगी, जिन पर अब तक उन्होंने चुप्पी साध रखी है? लेकिन उससे पहले कहानी को थोड़ा पीछे ले चलते हैं...
मॉडलिंग से शुरू हुआ ईशा का सफर
ईशा रिखी ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने पंजाबी फिल्मों का रुख किया. 2013 में आई फिल्म 'जट्ट बॉयज पुत्त जट्टां दे' से उन्होंने एक्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद ईशा 'हैप्पी गो लकी', 'बड़े चंगे ने मेरे यार कमीने', 'व्हाट द जट्ट' और 'अरदास' जैसी पंजाबी फिल्मों में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कदम रखा और 2018 की फिल्म 'नवाबजादे' में काम किया. यानी ईशा का फिल्मी सफर सिर्फ पंजाबी इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.
ईशा रिखी का फिल्मी नेटवर्क कितना है?
ईशा ने पंजाबी सिनेमा में कई चर्चित कलाकारों के साथ काम किया है. वहीं बॉलीवुड में उन्होंने वरुण शर्मा, श्रद्धा कपूर, राघव जुयाल और पुनीत पाठक जैसे कलाकारों के साथ जुड़े प्रोजेक्ट में काम किया. उनका कनेक्शन पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से भी रहा है. 'नवाबजादे' के म्यूजिक से बादशाह जुड़े थे. बाद में यही नाम ईशा की पर्सनल लाइफ का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया. हालांकि ईशा को बॉलीवुड की लगातार बड़ी फिल्मों में काम करने वाली एक्ट्रेस के तौर पर पहचान नहीं मिली. उनकी मुख्य पहचान पंजाबी सिनेमा और मॉडलिंग से बनी.
बादशाह संग रिश्ता रहा लंबे वक्त तक सीक्रेट
ईशा रिखी और बादशाह की डेटिंग की खबरें कई सालों से आती रही थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की मुलाकात 2021 में एक पार्टी में कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी. इसके बाद दोनों करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहे और अपने रिश्ते को मीडिया से दूर रखा. 2023 में दोनों की शादी को लेकर भी खबरें सामने आई थीं, लेकिन उस वक्त शादी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. फिर मार्च 2026 में अचानक ईशा और बादशाह की शादी की तस्वीरें सामने आईं. तस्वीरें ईशा की मां पूनम रिखी ने सोशल मीडिया पर शेयर की थीं. शादी बेहद निजी तरीके से हुई थी और इसमें करीबी लोग ही शामिल हुए थे.
ये भी पढ़ें: बादशाह से तलाक लेकर Bigg Boss 20 में पहुंची ईशा रिखी... दर्दनाक दिन यादकर रोई, बोली- जब ट्रस्ट टूटता है तो...
शादी के पांच महीने बाद ही आया बड़ा ट्विस्ट
जिस रिश्ते को दोनों ने सालों तक दुनिया से छिपाकर रखा, उसकी शादी भी बेहद प्राइवेट रही. लेकिन शादी के कुछ ही महीने बाद रिश्ते में परेशानी की खबरें आने लगीं. जुलाई 2026 में ईशा की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद अटकलें तेज हुईं. उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था कि हर तूफान एक सबक होता है और हर प्रार्थना उम्मीद. इसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और बढ़ गईं. इसके बाद 31 अगस्त 2026 को बादशाह और ईशा ने अलग होने की पुष्टि कर दी. दोनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक जैसा बयान शेयर किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने आपसी सम्मान के साथ अलग होने और अपनी-अपनी राह पर आगे बढ़ने का फैसला किया है. साथ ही दोनों ने आगे किसी तरह की अटकलों से बचने की अपील की.
ईशा की क्रिप्टिक पोस्ट ने खड़े किए सवाल
अलगाव की घोषणा से पहले ईशा की कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स ने लोगों का ध्यान खींचा था. उनकी पोस्ट्स को फैंस ने शादी में चल रही परेशानियों से जोड़कर देखा. एक पोस्ट में उन्होंने ऐसे संघर्षों का जिक्र किया था, जिनके निशान दिखाई नहीं देते. बाद में यह पोस्ट भी चर्चा में रही. हालांकि ईशा और बादशाह ने अलग होने की असली वजह सार्वजनिक नहीं की है. इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को पक्की वजह मानना सही नहीं होगा.
अब बिग बॉस में ईशा खोलेंगी दिल के राज?
अब ईशा रिखी का नाम बिग बॉस 20 से जुड़ रहा है. शो के एक प्रोमो में वह इमोशनल नजर आईं और हार्टब्रेक व अलगाव को लेकर बात करती दिखाई दीं. इसके बाद फैंस ने इसे उनकी हालिया जिंदगी से जोड़ना शुरू कर दिया. हालांकि प्रोमो में किसी का नाम सीधे नहीं लिया गया है. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि ईशा किस रिश्ते या किस घटना की बात कर रही हैं. लेकिन टाइमिंग ने curiosity जरूर बढ़ा दी है. क्या ईशा बिग बॉस के घर में बादशाह से शादी और फिर हुए अलगाव पर खुलकर बात करेंगी? क्या वह बताएंगी कि आखिर पांच महीने में ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने अलग होने का फैसला लिया? या फिर अपनी पर्सनल लाइफ की तरह इस राज को भी अपने तक रखेंगी?
ये भी पढ़ें: Badshah-Isha Rikhi Breakup: शादी के कुछ महीनों बाद टूटा रिश्ता! Isha ने कहा- ‘अब अपनी-अपनी राह पर बढ़ेंगे’
