Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups: यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिकः ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स ’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है. ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म की एक्ट्रेस नयनतारा ने अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि जब डायरेक्टर गीतू मोहनदास उनके पास फिल्म लेकर आई थीं, तब उन्होंने तुरंत हां नहीं कहा था.
दरअसल, नयनतारा बड़े स्टार्स वाली मल्टी-स्टारर फिल्मों को लेकर थोड़ी सावधान रहती हैं. फिल्म में कई एक्टर्स के होने की वजह से उन्होंने शुरुआत में ‘टॉक्सिक’ का ऑफर ठुकरा दिया था.
फिर ऐसा क्या हुआ कि बदल गया फैसला?
नयनतारा ने बताया कि गीतू मोहनदास ने उन्हें पहले कहानी सुनने के लिए तैयार किया. डायरेक्टर ने उनसे कई सवाल पूछे और फिर उनसे मिलने के बाद पूरी कहानी सुनाई.
जब नयनतारा ने पूरी कहानी सुनी तो उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया. उन्हें कहानी इतनी अलग लगी कि वह सोचने लगीं कि गीतू मोहनदास कौन हैं और उन्होंने इससे पहले अपना यह पक्ष दर्शकों के सामने क्यों नहीं दिखाया?
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ‘टॉक्सिक’ देखकर दर्शक भी गीतू के काम को देखकर सरप्राइज होंगे.
यश को बताया असल जिंदगी में भी ‘रॉकी भाई’
ट्रेलर लॉन्च के दौरान नयनतारा ने यश की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि फिल्म में यश का किरदार राया जैसा है, असल जिंदगी में भी यश की पर्सनैलिटी में वही बड़े लेवल वाला अंदाज देखने को मिलता है.
उन्होंने यश को प्यार से ‘रॉकी भाई’ भी कहा. नयनतारा के मुताबिक, स्क्रीन पर यश जितने बड़े और दमदार दिखाई देते हैं, उनकी असल जिंदगी की पर्सनैलिटी में भी वही एनर्जी नजर आती है.
‘यश ने 4.5 साल फिल्म को दिए’
नयनतारा ने यश की मेहनत की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने करियर में किसी एक्टर को फिल्म के लिए इतनी मेहनत करते हुए नहीं देखा. एक्ट्रेस के मुताबिक, यश ने करीब साढ़े चार साल इस फिल्म को दिए हैं. इस दौरान उन्होंने अपने परिवार और बच्चों के साथ भी कम समय बिताया, क्योंकि उनका पूरा फोकस फिल्म पर था.
नयनतारा ने कहा कि यश सिर्फ अपने काम को लेकर ही सीरियस नहीं हैं, बल्कि वह अपने आसपास मौजूद पूरी टीम से भी अपना बेस्ट देने की उम्मीद करते हैं.
फिल्म में गैंगस्टर बनी हैं नयनतारा
‘टॉक्सिकः ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में नयनतारा एक गैंगस्टर गंगा का किरदार निभा रही हैं. उनका किरदार यश के किरदार राया से एक खास कनेक्शन रखता है.
टॉक्सिक की स्टार कास्ट और रिलीज डेट
फिल्म में यश और नयनतारा के अलावा कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम किरदारों में नजर आएंगी. गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बनी ‘टॉक्सिक’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी.
