कृति सेनन के Rakhi Ad विवाद में बहन नूपुर सेनन की एंट्री, कंगना रनौत के बयान पर बोलीं- ‘मुझे दिक्कत नहीं तो आपको क्यों?’

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर चल रहे विवाद में उनकी बहन नूपुर सेनन ने मोर्चा संभाला है. नूपुर ने ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा कि अगर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, तो दूसरों को क्यों है. कृति ने भी अपनी बात रखी थी.

कृति सेनन इन दिनों अपने नए रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सुर्खियों में हैं. एक ज्वेलरी ब्रांड के इस विज्ञापन में कृति को अपने ऑनस्क्रीन भाई को राखी बांधते हुए दिखाया गया है. विज्ञापन में उनके पहनावे और एक कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए गए. इसी बीच कंगना रनौत ने भी कृति के विज्ञापन पर टिप्पणी की थी. अब कृति की बहन नूपुर सेनन ने ट्रोल्स को जवाब देते हुए उनका बचाव किया है.

नूपुर सेनन ने ट्रोल्स को दिया करारा जवाब

नूपुर सेनन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कृति के बयान को साझा किया. नूपुर के इस बयान को कृति के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है. उन्होंने साफ कर दिया कि कृति के पहनावे को लेकर उन्हें खुद कोई आपत्ति नहीं है, तो दूसरों को इस पर सवाल उठाने की जरूरत क्यों महसूस हो रही है. इसके साथ उन्होंने लिखा,

“किसी दूसरी महिला के कपड़े पहनने के तरीके से कोई इतना परेशान कैसे हो सकता है? सम्मान के साथ कह रही हूं, अपनी सोच बदलिए.” इसके बाद नूपुर ने सीधे ट्रोल्स से सवाल करते हुए लिखा, “मैं वही हूं जिसे वह राखी बांधती है और अगर मुझे इससे कोई परेशानी नहीं है, तो आपको क्यों है?”
कृति सेनन की इंस्टाग्राम स्टोरी पर बहन नूपुर सेनन का रिएक्शन

कृति सेनन ने भी दिया था जवाब

विवाद बढ़ने के बाद कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी थी. उन्होंने कहा था कि किसी भी त्योहार की असली भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि उससे जुड़ी भावनाओं और रिश्तों में होती है. कृति ने बताया कि वह और उनकी बहन नूपुर एक-दूसरे को राखी बांधती हैं. दोनों एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं. उनके मुताबिक, उनके लिए यह रिश्ता सिर्फ भाई-बहन तक सीमित नहीं है. कृति ने यह भी बताया कि उनके पालतू कुत्ते भी उनके परिवार का हिस्सा हैं. इसलिए उनके लिए प्यार और सुरक्षा की यह भावना उनके पालतू जानवरों तक भी जुड़ी हुई है.

‘महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, यह कब तक बताया जाएगा?’

कृति ने अपने बयान में महिलाओं के कपड़ों को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि समय के साथ पारंपरिक और आधुनिक फैशन में काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी महिलाओं के सम्मान और संस्कृति को उनके कपड़ों से जोड़ दिया जाता है. अभिनेत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराएं किसी महिला की पोशाक में नहीं, बल्कि उसके दिल और भावनाओं में होती हैं.

कंगना रनौत ने कृति के विज्ञापन पर क्या कहा था?

कृति के विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बहस में कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कृति के पहनावे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि आज महिलाओं के पास कपड़ों के कई विकल्प हैं, फिर रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भाई को राखी बांधते समय ऐसा पहनावा क्यों चुना गया. कंगना ने विज्ञापन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे जानबूझकर अजीब बताया था. उनके बयान के बाद कृति के विज्ञापन को लेकर चर्चा और तेज हो गई.

कंगना रनौत की इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट

किस Rakhi Ad को लेकर हुआ विवाद?

यह विवाद एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन से जुड़ा है. इसमें कृति सेनन को ब्रालेट जैसे डिजाइन वाले ब्लाउज, स्कर्ट और केप के साथ देखा गया था. विज्ञापन में वह अपने ऑनस्क्रीन भाई को राखी बांधती नजर आईं. विज्ञापन के एक हिस्से में कृति अपने पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती दिखाई देती हैं. इसी दृश्य और उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कुछ लोगों ने विज्ञापन को आधुनिक सोच से जोड़कर देखा, जबकि कुछ यूजर्स ने रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के लिए इसके पहनावे और प्रस्तुति पर सवाल उठाए. फिलहाल कृति सेनन के समर्थन में उनकी बहन नूपुर सेनन के उतरने के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में है. दोनों बहनों ने अपने बयानों के जरिए यह स्पष्ट किया है कि उनके लिए रक्षाबंधन का मतलब केवल पहनावे से नहीं, बल्कि आपसी प्यार, विश्वास और रिश्ते से है.

ये भी पढ़ें: ‘बिकिनी में भाई को राखी?’ कृति सेनन के Rakhi Ad पर भड़कीं कंगना रनौत, पूछा- ‘आखिर ऐसी स्टाइलिंग क्यों?’

ये भी पढ़ें: विज्ञापनों में बोल्ड और फ्यूजन लुक पर भड़के लोग, जब कपड़ों को लेकर बुरी तरह ट्रोल हुईं ये टॉप एक्ट्रेसेस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikita Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >