बिहार में भी अब वर्टिकल फिल्मों का दौर, डैफोडिल्स और भारत श्री फिल्म्स की बड़ी पहल
मुजफ्फरपुर. पटना और सोनपुर से बॉलीवुड ओटीटी इंडस्ट्री के लिए बड़ी खबर सामने आयी है. डैफोडिल्स एंटरटेनमेंट और भारत श्री फिल्म्स के बैनर तले बन रही चार नयी वर्टिकल हिंदी ओटीटी फिल्मों की ऑन-लोकेशन शूटिंग आज से पटना और दीघा-सोनपुर में शुरू हो गयी है. जिन चार फिल्मों की शूटिंग एक साथ शुरू हुई है, उनके नाम हैं - रिपोर्टर साब, बवाल हो गया, दुल्हन फरार और झोलाछाप डॉक्टर. इन फिल्मों के निर्माता सत्यकेतु सिंह और भरत अग्रवाल हैं, निर्देशन अश्वनी कुमार अश्व कर रहे हैं और प्रचारक संजय भूषण पटियाला हैं. मुहूर्त के मौके पर पूरी टीम मौजूद रही.
बिहार में टैलेंट की कमी नहीं, यहां कलाकार भी व कहानियां भी हैं
इस मौके पर निर्माता सत्यकेतु सिंह ने कहा - मैं मुजफ्फरपुर का रहनेवाला हूं और पिछले कई सालों से मुंबई में कई फ़िल्में प्रोड्यूस कर रहा हूं. मैंने बाहर रहकर एक बात महसूस की कि हमारे बिहार में टैलेंट की कमी नहीं है, लेकिन मौके की कमी है. मैं चाहता हूं कि बिहार में भी अच्छी, साफ-सुथरी और रोजगार देने वाली फिल्में बनें. इसीलिए मैंने जान-बूझकर अपनी इन चारों फिल्मों की शूटिंग मुंबई में नहीं, बल्कि अपने घर - पटना और सोनपुर में शुरू की है. मेरा मकसद सिर्फ फिल्म बनाना नहीं, बल्कि मुंबई के दूसरे बड़े प्रोड्यूसर्स को भी इंस्पायर करना है कि वो बिहार आएं और यहां शूट करें. उन्होंने कहा, कि बिहार में इंडस्ट्री तो है, कलाकार भी हैं, कहानियां भी हैं, लेकिन शूटिंग की बेसिक सुविधा आज भी नहीं है. कैमरा, लाइट, प्रॉपर टीम आज भी हमें मुंबई से मंगानी पड़ती है, जबकि इंडस्ट्री में काम करने वाले 70% टेक्नीशियन खुद बिहार के ही हैं. अगर सरकार के सहयोग से पटना में एक प्रॉपर लाइन प्रोडक्शन और टेक्निकल हब बन जाये, तो मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि बिहार पूरे देश का बेस्ट शूटिंग डेस्टिनेशन बन सकता है. इन फिल्मों में आदर्श आनंद, नितीश कुणाल राय, प्रेम कुमार, त्रिशाकर मधु, सोनू बोल्ट जैसे चर्चित कलाकार अहम भूमिका में नजर आयेंगे. ये चारों फिल्में जल्द ही रॉकेट रील ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होंगी.
