Maa Behen: Netflix पर रिलीज हुई फिल्म ‘मां बहन’ इन दिनों काफी चर्चा में है. फिल्म में माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसमें इस्तेमाल किया गया देसी लहजा भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है. इसी बीच माधुरी दीक्षित ने खुलासा किया है कि इस खास लहजे को सीखने के लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी.
फिल्म की भाषा में घुलने के लिए की तैयारी
India TV को दिए एक इंटरव्यू में माधुरी दीक्षित ने बताया कि उन्हें, तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा को इस लहजे पर काम करने के लिए कई वर्कशॉप्स करनी पड़ीं. उन्होंने कहा, “हमने इसके लिए मेहनत की. कुछ वर्कशॉप्स कीं और कई गाने भी गाए. हर दिन इसके बाद हम समोसे भी खाते थे.”
माधुरी ने बताया कि निर्देशक सुरेश त्रिवेणी की एक खास सलाह थी. उन्होंने कहा, “सुरेश चाहते थे कि अगर कोई शब्द थोड़ा अलग भी निकल जाए तो कोई परेशानी नहीं है. हम भाषा की मिठास और उसके बोलने के अंदाज को बनाए रखना चाहते थे.”
देसी एक्सेंट की मिठास पर क्या बोलीं माधुरी?
माधुरी ने बताया कि इस भाषा की सबसे बड़ी खूबसूरती इसके शब्दों और लय में है. उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “‘गर्मी लगता है मुझे’ और ‘गर्मी लगता हमको’ में फर्क है. ‘हमको’ शब्द ज्यादा प्यारा और पूरा लगता है. यही उस भाषा की खूबसूरती है. हमने बस उसी एहसास को फिल्म में लाने की कोशिश की.”
अब अंग्रेजी में भी निकल जाता है ‘हमरा’
माधुरी दीक्षित ने हंसते हुए एक मजेदार बात भी बताई. उन्होंने कहा, “हमने इस पर इतनी मेहनत की कि अब कभी-कभी अंग्रेजी बोलते समय भी मेरे मुंह से ‘हमरा’ निकल जाता है.”
एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिल्म का यह देसी लहजा अब उनकी रोजमर्रा की भाषा का हिस्सा बन गया है.
Netflix पर स्ट्रीम हो रही है फिल्म
‘मां बहन’ फिलहाल Netflix पर स्ट्रीम हो रही है. फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. खासकर माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा की एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है.
यह भी पढ़ें: माधुरी दीक्षित-तृप्ति डिमरी की फिल्म का नाम ‘Maa Behen’ क्यों रखा गया? डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी ने किया खुलासा
