साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा अपनी शानदार अदाकारी और दमदार किरदारों के दम पर उन्होंने इंडियन सिनेमा में खास जगह बनाई है. उन्हें फैंस प्यार से ‘लेडी सुपरस्टार’ भी कहते हैं. हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था. आज करोड़ों की कमाई करने वाली नयनतारा की पहली कमाई जानकर शायद आपको भी हैरानी होगी. एक्ट्रेस ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें एक मॉडलिंग असाइनमेंट के लिए सिर्फ 2 से 3 हजार रुपये मिले थे.
मॉडलिंग से शुरू हुआ था करियर
पर्ले मानी के साथ बातचीत में नयनतारा ने अपने पहले काम और कमाई का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि फिल्मों में आने से पहले वह मॉडलिंग करती थीं और उनका पहला असाइनमेंट ‘वनिता’ मैगजीन से जुड़ा था. उन्हें एक फैशन कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था, जिसके लिए करीब 2 से 3 हजार रुपये मिले थे. यही छोटा सा असाइनमेंट आगे चलकर उनके फिल्मी करियर की शुरुआत की वजह बना.
एक तस्वीर ने बदली जिंदगी
वनिता मैगजीन में नयनतारा की तस्वीर देखने के बाद फिल्म निर्देशक सत्यान अंतिक्कड़ का ध्यान उनकी ओर गया. इसके बाद उन्हें फिल्म में काम करने का मौका मिला. दिलचस्प बात यह है कि उस समय नयनतारा ने अभिनेत्री बनने का फैसला नहीं किया था. लेकिन मिले इस मौके ने उनकी जिंदगी बदल दी. साल 2003 में उन्होंने मलयालम फिल्म ‘मनसिनक्करे’ से अभिनय की शुरुआत की. फिल्म में उन्होंने गौरी का किरदार निभाया था. फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया और नयनतारा की एक्टिंग ने भी लोगों का ध्यान खींचा.
तमिल सिनेमा में भी बनाई पहचान
मलयालम फिल्मों में शुरुआत करने के बाद नयनतारा ने तमिल सिनेमा का रुख किया. साल 2005 में उन्होंने फिल्म ‘अय्या’ से तमिल फिल्मों में कदम रखा. इसी साल उन्हें सुपरस्टार रजनीकांत के साथ ‘चंद्रमुखी’ में काम करने का मौका मिला. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और नयनतारा की लोकप्रियता भी तेजी से बढ़ने लगी. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे साउथ सिनेमा की बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं.
अलग-अलग किरदारों से बनाई खास पहचान
नयनतारा ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं. शुरुआत में वह रोमांटिक और ग्लैमरस भूमिकाओं में नजर आईं, लेकिन बाद में उन्होंने मजबूत महिला किरदारों वाली फिल्मों को भी चुना. ‘राजा रानी’, ‘माया’, ‘नानुम राउडी धान’, ‘अरम्म’ और ‘कोलामावु कोकिला’ जैसी फिल्मों ने उनकी पहचान को और मजबूत किया. खास बात यह रही कि नयनतारा ने कई ऐसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई, जिनकी सफलता किसी पुरुष सुपरस्टार पर निर्भर नहीं थी. इसी वजह से उन्हें ‘लेडी सुपरस्टार’ के नाम से पहचान मिलने लगी.
‘जवान’ से हिंदी दर्शकों के बीच भी बढ़ी लोकप्रियता
साल 2023 में नयनतारा ने शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा. एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह शाहरुख खान के साथ नजर आई थीं. ‘जवान’ की बड़ी सफलता के बाद नयनतारा की लोकप्रियता हिंदी दर्शकों के बीच भी काफी बढ़ गई. साउथ के बाद हिंदी दर्शकों के बीच भी उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई.
3 हजार रुपये से ‘लेडी सुपरस्टार’ तक का सफर
नयनतारा का सफर दिखाता है कि किसी भी बड़े सपने की शुरुआत छोटी हो सकती है. कभी मॉडलिंग के एक काम के लिए 2-3 हजार रुपये पाने वाली नयनतारा आज साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल हैं.एक छोटी सी तस्वीर से शुरू हुआ उनका सफर फिल्मों तक पहुंचा और देखते ही देखते वह लाखों-करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करने लगीं. यही वजह है कि उनकी कहानी आज भी लोगों के लिए प्रेरणा बनती है.
ये भी पढ़ें: 'टॉक्सिक' में नयनतारा का रोल देख उड़े यश के होश, 'लेडी सुपरस्टार' के लिए कह दी इतनी बड़ी बात
ये भी पढ़ें: Toxic: नयनतारा ने पहले ठुकरा दी थी यश की फिल्म, फिर ऐसा क्या हुआ कि तुरंत बदल गया फैसला?
