Khushi Mukherjee-Suryakumar Yadav Controversy: सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है. अभिनेत्री और सोशल मीडिया पर्सनालिटी खुशी मुखर्जी (Khushi Mukherjee) अपने एक बयान को लेकर मुश्किलों में घिर गई हैं. मामला भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) से जुड़ा हुआ है, जिसके बाद उन पर 100 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज करने की मांग उठी है.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, हाल ही में खुशी मुखर्जी एक पब्लिक इवेंट में शामिल हुई थीं. इस दौरान पैपराजी ने उनसे क्रिकेटर्स को डेट करने को लेकर सवाल किया. जवाब देते हुए खुशी ने कहा कि उन्हें किसी क्रिकेटर को डेट करने में दिलचस्पी नहीं है, लेकिन कई क्रिकेटर्स उनमें रुचि रखते हैं. इसी दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव का नाम लेते हुए दावा किया कि वह उन्हें पहले काफी मैसेज किया करते थे.
खुशी ने यह भी कहा कि अब दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं होती और वह नहीं चाहतीं कि उनका नाम सूर्यकुमार यादव से जोड़ा जाए. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और विवाद की वजह बन गया.
शिकायत हुई दर्ज
खुशी मुखर्जी के बयान के बाद मुंबई के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर फैजान अंसारी ने उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. फैजान अंसारी मुंबई से गाजीपुर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराते हुए खुशी पर झूठा और नुकसान पहुंचाने वाला बयान देने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि खुशी का बयान एक सोची-समझी रणनीति है, जिससे देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी की छवि को नुकसान पहुंचा है. अंसारी ने इस पूरे मामले को पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए खुशी मुखर्जी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कम से कम सात साल की सजा की मांग की है.
100 करोड़ रुपये के मानहानि केस की मांग
फैजान अंसारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह तब तक गाजीपुर में रहेंगे, जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती. उन्होंने दावा किया कि उनके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं और वह इस मुद्दे को हर मंच तक ले जाएंगे. अंसारी ने इस मामले में 100 करोड़ रुपये के मानहानि केस की मांग भी की है.
फिलहाल इस विवाद पर खुशी मुखर्जी या सूर्यकुमार यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: Javed Akhtar Birthday Special: 81 साल के हुए जावेद अख्तर, जानिए उनकी लिखी वो यादगार फिल्में जो आज भी दिलों में हैं
