‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग के दौरान साउथ अफ्रीका में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का दिल जीत लिया. एक मुश्किल स्कॉर्पियन स्टंट के बीच कॉमेडियन हर्ष गुजराल के जूते का फीता खुल गया. इसी दौरान शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने बिना देर किए स्टंट के बीच ही हर्ष के जूते का फीता बांध दिया.
रोहित शेट्टी के अंदाज ने जीता फैंस का दिल
रोहित शेट्टी के इस अनपेक्षित और प्यारे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो देखने के बाद फैंस ने रोहित और कंटेस्टेंट्स के बीच की खास बॉन्डिंग की जमकर तारीफ की. लोगों का कहना है कि रोहित जिस तरह हर कंटेस्टेंट का ख्याल रखते हैं, वह उन्हें बाकी होस्ट्स से अलग बनाता है.
हर्ष गुजराल ने बताया ‘मोमेंट ऑफ माय लाइफटाइम’
इस खास पल को हर्ष गुजराल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया. उन्होंने रोहित शेट्टी के प्रति आभार जताते हुए इस घटना को अपनी जिंदगी का “मोमेंट ऑफ माय लाइफटाइम” बताया. हर्ष ने लिखा कि रोहित जिस तरह हर ‘खिलाड़ी’ को हर दिन अपने परिवार की तरह ट्रीट करते हैं, वह उनके लिए हमेशा सम्मान और प्रेरणा की बात रहेगी. उन्होंने कहा कि वह इस पल को अपनी जिंदगी में कभी नहीं भूलेंगे.
‘आपके जैसे 10% भी बन गया तो जीवन सफल हो जाएगा’
हर्ष ने रोहित शेट्टी की तारीफ करते हुए आगे लिखा कि अगर वह उनके जैसा सिर्फ 10 प्रतिशत भी बन पाए, तो उनकी जिंदगी सफल हो जाएगी. उन्होंने रोहित को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें “रियल लाइफ सिंघम” भी कहा और उनके लिए अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया.
साउथ अफ्रीका में पूरी हुई शूटिंग
बता दें कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग साउथ अफ्रीका में पूरी हो चुकी है. शो में दर्शकों को जल्द ही खतरनाक और रोमांचक स्टंट देखने को मिलेंगे. हालांकि, शो के ऑनएयर होने से पहले ही हर्ष और रोहित का यह प्यारा पल सोशल मीडिया पर सीजन को लेकर बज क्रिएट कर चुका है.
ये भी पढ़ें: Daisy Shah Birthday Special: सलमान की हीरोइन बनने से पहले बैकग्राउंड डांसर थीं, ऐसे बदली किस्मत
