Karan Wahi: टीवी और वेब इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर्स करण वाही और जेनिफर विंगेट को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. दोनों की शादी की अफवाहें अचानक इंटरनेट पर तेजी से फैल गई. फैंस इस खबर को लेकर काफी एक्साइटेड भी नजर आए, क्योंकि दोनों की ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग को लोग काफी पसंद करते हैं. लेकिन अब इन अफवाहों की सच्चाई खुद करण वाही ने सामने रख दी है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जब करण वाही से उनकी और जेनिफर विंगेट की शादी को लेकर सीधा सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह खबर पूरी तरह से “फेक न्यूज” है. करण का यह जवाब सामने आते ही शादी की अटकलों पर विराम लग गया. फैंस दोनों को एक साथ देखने का सपना देख रहे थे हालांकि करण का जवाब सुन उन्हें झटका लगा है.
इस शो से शुरू हुई दोस्ती
करण वाही और जेनिफर विंगेट की दोस्ती कई साल पुरानी है. दोनों ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में सुपरहिट टीवी शो ‘दिल मिल गए’ में साथ काम किया था. इस शो में जेनिफर ने जहां डॉक्टर रिद्धिमा गुप्ता का किरदार निभाया था, वहीं करण वाही डॉक्टर सिद्धांत मोदी के रोल में नजर आए थे. शो के बीच ही दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जो आज भी बनी हुई है.
करीब 14 साल बाद साल 2024 में दोनों एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नजर आए. वेब सीरीज ‘रायसिंघानी बनाम रायसिंघानी’ में करण और जेनिफर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा. दोनों की केमिस्ट्री इतनी मजबूत लगी कि लोगों ने उन्हें रियल लाइफ कपल मानना शुरू कर दिया. इसी बीच उनके डेटिंग और शादी की खबरों ने जोर पकड़ लिया.
इस अभिनेता से तलाक ले चुकी है जेनिफर
अगर पर्सनल लाइफ की बात करें तो करण वाही काफी समय से सिंगल हैं. वहीं जेनिफर विंगेट की शादी पहले अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुई थी. दोनों ने साल 2012 में शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका. दो साल बाद दोनों अलग हो गए और नवंबर 2014 में उन्होंने अपने अलग होने की घोषणा की थी. इसके बाद से जेनिफर ने अपनी निजी जिंदगी को प्राइवेट रखा है.
वर्क फ्रंट की बात करें तो जेनिफर विंगेट जल्द ही एक नए नेटफ्लिक्स वेब सीरीज में नजर आने वाली हैं, जिसका निर्देशन रेंसिल डी’सिल्वा कर रहे हैं. इस सीरीज के जरिए परिणीति चोपड़ा अपना वेब सीरीज डेब्यू करने जा रही हैं. वहीं करण वाही भी सुरभि ज्योति के साथ ‘सेवन एंड ए हाफ डेट्स’ नाम के शो में नजर आने वाले हैं. इसके अलावा वह हाल ही में वेब सीरीज ‘कपल गोल्स सीजन 5’ में शिवांगी जोशी के साथ दिखाई दिए थे.
