Disha Vakani Father Death: टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. तारक मेहता का उल्टा चश्मा की पुरानी ‘दयाबेन’ यानी दिशा वकानी के पिता और मशहूर थिएटर कलाकार भीम वकानी का निधन हो गया है. इस खबर के सामने आते ही पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है और फैंस भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इस दुखद खबर की पुष्टि दिशा वकानी के भाई मयूर वकानी ने की है, जो शो में ‘सुंदर’ का किरदार निभाते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता का अंतिम संस्कार अहमदाबाद में किया जाएगा. फिलहाल उनके निधन की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है.
लगान, स्वदेश और लज्जा जैसी फिल्मों में किया काम
भीम वकानी सिर्फ दिशा के पिता ही नहीं, बल्कि एक शानदार कलाकार भी थे. उन्होंने गुजराती थिएटर में लंबा सफर तय किया और फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी. लगान, स्वदेश और लज्जा जैसी फिल्मों में उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अपनी बेटी दिशा वकानी के साथ स्क्रीन भी शेयर की थी. ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के एक एपिसोड में उनका ‘मावजी छेड़ा’ वाला किरदार आज भी लोगों को याद है, जिसमें उनकी कॉमिक टाइमिंग ने खूब हंसाया था.
दिशा की सफलता के पीछे पिता का बड़ा योगदान
दिशा और उनके पिता के बीच खास रिश्ता था. दिशा की सफलता में उनके पिता का बड़ा योगदान माना जाता है. आज भले ही दिशा वकानी एक्टिंग से दूर हैं, लेकिन उनके फैंस आज भी उन्हें ‘दयाबेन’ के रूप में याद करते हैं. ऐसे में भीम वकानी का जाना न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: भूत बंगला के ट्रेलर लॉन्च में फटे कपड़ों में पहुंचे अक्षय कुमार, हुए ट्रोल
