48 डिग्री गर्मी में शूट हुआ धुरंधर 2 क्लाइमेक्स, सामने आई सच्चाई

Dhurandhar 2: धुरंधर 2 के क्लाइमेक्स को शूट करना टीम के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा था. 48 डिग्री गर्मी में रणवीर सिंह ने भारी कॉस्ट्यूम में एक्शन सीन किया है. जानिए फिल्म की खास शूटिंग के बारे में…

Dhurandhar 2: बॉक्स ऑफिस पर जब कोई फिल्म धूम मचाती है, तो लोग सिर्फ उसकी कहानी ही नहीं, बल्कि उसके पीछे की मेहनत जानने के लिए भी उत्सुक रहते हैं. इन दिनों धुरंधर 2 को लेकर कुछ ऐसा ही माहौल बना हुआ है, जहां फिल्म के हर सीन और खासकर क्लाइमेक्स की खूब चर्चा हो रही है. रणवीर सिंह की इस फिल्म का क्लाइमेक्स दर्शकों को जितना दमदार और रोमांचक लगा, उसे शूट करना उतना ही मुश्किल भरा था. हाल ही में फिल्म के मेकअप और प्रोस्थेटिक आर्टिस्ट करणदीप सिंह ने शूटिंग से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

48 डिग्री तापमान में भी हुई शूटिंग

उन्होंने बताया कि क्लाइमेक्स सीन को शूट करने में करीब 15 से 20 दिन लगे और इस दौरान पूरी टीम को कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. यह सीन लुधियाना के बाहरी इलाके में फिल्माया गया, जहां तापमान 47-48 डिग्री तक पहुंच गया था. इतनी भीषण गर्मी में बिना किसी छांव के शूटिंग करना टीम के लिए बेहद कठिन हो गया था. करनदीप सिंह के मुताबिक, आसपास रखे बड़े मेटल कंटेनर और खड़ी मालगाड़ियां धूप में तप रही थीं, जिससे गर्मी और भी ज्यादा महसूस हो रही थी. इन हालातों में कलाकारों को लगातार एक्शन सीन करने पड़े.

गर्म कंटेनरों के ऊपर से कूदना पड़ा

खास बात यह रही कि रणवीर सिंह को भारी कॉस्ट्यूम में शूटिंग करनी पड़ी. उन्होंने लेदर जैकेट, ओवरकोट और विग पहनकर खतरनाक स्टंट किए, यहां तक कि उन्हें गर्म कंटेनरों के ऊपर से कूदना पड़ा, जो धूप की वजह से तप रहे थे. इसके बावजूद शूटिंग बिना रुके जारी रही. इतना ही नहीं, क्लाइमेक्स सीन को असली जैसा दिखाने के लिए एक हफ्ते में नकली खून की पूरी बाल्टी इस्तेमाल की गई. इस मेहनत का नतीजा दर्शकों को स्क्रीन पर साफ नजर आया, इसलिए फिल्म का यह हिस्सा लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है.

यह भी पढे़ं: धुरंधर 2 की सक्सेस पर जाकिर खान ने बॉलीवुड पर कसा तंज, ये क्या बोल गये?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >