सोनू निगम बेबाक अंदाज में अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं. सिंगर ने अपने करियर के उस दौर को याद किया, जब उन्होंने गायकों के कॉपीराइट और रॉयल्टी अधिकारों की आवाज बुलंद की थी. जिसके बाद उन्हें कुछ बड़े म्यूजिक लेबल्स ने बैन कर दिया.
सोनू निगम ने अपनी सिंगिंग पर की बात
कोमल नाहटा संग बात करते हुए सोनू निगम ने कहा, "एक वक्त था जब मेरा दौर चल रहा था. लोगों ने मुझे भरपूर प्यार दिया. मेरे एल्बम रिलीज होते ही जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलता था और मेरे पोस्टर्स तक हाथों-हाथ बिक जाते थे. समय बदलता है, मेरा दौर गया और अब फिर से लौट आया है."
सोनू निगम को टी-सीरीज-जी म्यूजिक ने किया बैन
इसके बाद उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कॉपीराइट और रॉयल्टी के मुद्दे पर खुलकर बोलना शुरू किया, तो इसका सीधा असर उनके प्रोफेशनल करियर पर पड़ा. उनके मुताबिक, "टी-सीरीज ने मेरे साथ काम बंद कर दिया. जी म्यूजिक ने भी दूरी बना ली. उन्होंने मुझे बैन कर दिया. लोगों का कहना था कि मैं अब सिंगर कम और एक्टिविस्ट ज्यादा बन गया हूं."
सिंगर्स की रॉयल्टी के लिए सोनू निगम ने उठाई थी आवाज
सोनू ने कहा, "मुझे भरोसा था कि बातचीत से मामला सुलझ जाएगा, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए. जब काम के मौके कम होने लगे, तब समझ आया कि भले ही कोई मुझे गाने न दे, लेकिन स्टेज पर गाने से कोई नहीं रोक सकता." उनका कहना है कि समय के साथ हालात बदले और वही म्यूजिक कंपनियां आज सिंगर्स को रॉयल्टी देने लगी हैं. आज सब कुछ बदल चुका है. जिन कंपनियों से कभी मतभेद थे, आज उन्हीं के साथ अच्छे रिश्ते हैं. हम मिलते हैं, साथ बैठते हैं और खाना भी खाते हैं. किसी न किसी को यह शुरुआत करनी ही थी."
लता मंगेशकर के मिशन को सोनू निगम ने किया पूरा
उन्होंने आगे कहा, "भगवान ने मुझे सिर्फ गाने के लिए नहीं भेजा. उन्होंने मुझे एक जिम्मेदारी दी थी कि लता मंगेशकर जी जिस मिशन को पूरा नहीं कर पाईं, उसे आगे बढ़ाऊं. ऐसा लगा जैसे ऊपरवाले ने कहा हो कि अपने करियर के पीक पर यह चुनौती स्वीकार करो, क्योंकि अगर तुम नहीं करोगे तो शायद कोई और भी हिम्मत नहीं करेगा."
क्या सोनू ने उन साथ न देने वाले लोगों को कर दिया है माफ
उन्होंने आगे कहा कि कॉपीराइट कानूनों में बदलाव आने के बाद म्यूजिक कंपनियों को भी एहसास हुआ कि मांगें गलत नहीं थीं. सोनू ने कहा, "जब नियम बदले, तब सभी को समझ आया कि मैं सिर्फ कलाकारों के हक की बात कर रहा था. इसके बाद धीरे-धीरे सभी म्यूजिक कंपनियां फिर से मेरे साथ काम करने लगीं और आज हमारे रिश्ते पहले से कहीं बेहतर हैं." जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने उन लोगों को माफ कर दिया जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ छोड़ दिया था, तो सोनू ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "मैं कौन होता हूं किसी को माफ करने वाला? मैं खुद को इतना बड़ा नहीं मानता कि किसी को माफ करूं."
ये भी पढ़ें: इस गंभीर बीमारी के शिकार हुए सोनू निगम, करवाना पड़ा MRI और CT स्कैन, बोले- मेरा गला भारी हो गया
