Salman Khan Weight Loss: सलमान खान का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी ऑफिस पहुंचे थे. इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जताने लगे. कुछ लोगों का कहना था कि सलमान पहले से काफी दुबले नजर आ रहे हैं. इन अटकलों के बीच सलमान ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए फैंस से मजाकिया अंदाज में पूछा था, "आप लोगों की तबीयत कैसी है?" अब एक्टर ने खुद अपने वजन को लेकर खुलासा कर दिया है.
सलमान खान का खुलासा- 'मैंने 16 किलो वजन कम किया है'
रियलिटी शो 'अलायंस' में अपने भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाने पहुंचे सलमान खान ने बातचीत के दौरान अपनी फिटनेस पर बात की. शो में सलमान ने सबसे पहले सोहेल से पूछा कि क्या उन्होंने अपना वजन कम किया है. इसके बाद उन्होंने अपने एब्स दिखाते हुए कहा कि उन्होंने 12 किलो वजन घटाया है. इस पर जब सोहेल ने भी अपने वजन कम होने की बात की, तब सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा,
मैं तो 16 किलो वजन कम कर चुका हूं.
सोहेल खान और सीमा सजदेह के रिश्ते पर भी बोले सलमान
शो के दौरान सलमान ने अपने भाई सोहेल खान से मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वह अब भी अपनी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह की बात मानते हैं. इसके बाद सलमान ने अपने भाई की तारीफ करते हुए कहा,
मेरे इस नेक भाई ने अपने रिश्ते के टूटने का पूरा दोष खुद अपने ऊपर ले लिया. लेकिन मैं उसका भाई हूं, इसलिए जानता हूं कि उसने इस रिश्ते को बचाने के लिए कितनी कोशिश की थी.
सलमान ने किया मजाक- 'रितेश देशमुख की नौकरी खतरे में लग रही है'
'अलायंस' में सलमान खान की एंट्री बेहद शानदार अंदाज में हुई. इस दौरान सोहेल खान ने अपने भाई को गले लगाया और बताया कि वह शो के अंदर थोड़ा नर्वस महसूस कर रहे हैं.
इस पर सलमान ने मजाक में कंटेस्टेंट्स से पूछा,
क्या तुम लोगों ने मेरे भाई को इतना टेंशन दे दिया है?
इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा,
मुझे तो लग रहा है कि रितेश देशमुख की नौकरी खतरे में है.
उनका यह मजाक सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े.
सलमान खान की आने वाली फिल्मों पर भी अपडेट
सलमान खान आखिरी बार 'सिकंदर' में रश्मिका मंदाना के साथ नजर आए थे. ए.आर. मुरुगादॉस के निर्देशन में बनी इस फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 110.36 करोड़ रुपये का कारोबार किया. अब सलमान, अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ चित्रांगदा सिंह दिखाई देंगी. यह फिल्म इसी साल रिलीज होगी, हालांकि नई रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं किया गया है. इसके अलावा सलमान के पास 'SVC63' भी है.
ये भी पढ़ें: सलमान खान के हेयर ट्रीटमेंट पर शैलेंद्र सिंह का हैरान करने वाला बयान, 'गैर-कानूनी इंजेक्शन' का किया जिक्र
