Rani Mukerji Birth Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा है, जिसे सुनकर शायद आपको भी यकीन न हो. क्या आप जानते हैं कि जन्म के कुछ देर बाद अस्पताल में रानी मुखर्जी किसी दूसरे परिवार के पास पहुंच गई थीं? अगर उनकी मां ने सही समय पर उन्हें नहीं पहचाना होता, तो शायद उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग होती. खुद रानी मुखर्जी ने एक इंटरव्यू में इस हैरान कर देने वाली घटना का जिक्र किया था.
जन्म के बाद अस्पताल में कैसे बदल गई थीं रानी मुखर्जी?
रानी मुखर्जी का जन्म 21 मार्च 1978 को फिल्ममेकर राम मुखर्जी और कृष्णा मुखर्जी के घर हुआ था. ABP News को दिए एक पुराने इंटरव्यू में रानी ने बताया कि जन्म के बाद अस्पताल में गलती से उन्हें एक पंजाबी परिवार के बच्चे के साथ बदल दिया गया था. यह सब तब हुआ, जब अस्पताल की नर्स बच्चों को रूटीन चेकअप के लिए लेकर गई थी.
मां ने ऐसे पहचाना- 'ये मेरी बेटी नहीं है'
रानी ने बताया कि जब नर्स बच्चे को वापस लेकर आई, तो उनकी मां ने उसे देखते ही कह दिया,
"ये मेरी बेटी नहीं है. मेरी बेटी की आंखें भूरी हैं. मेरी बच्ची को ढूंढकर लाओ."
रानी के मुताबिक, उनकी मां को अपनी बेटी की आंखों का रंग अच्छी तरह याद था. इसी वजह से उन्हें तुरंत समझ आ गया कि गोद में दिया गया बच्चा उनका नहीं है.
पंजाबी परिवार के कमरे में मिली थीं रानी
रानी ने बताया कि उनकी मां ने अस्पताल में खुद अपनी बेटी को ढूंढना शुरू किया. तलाश करने पर वह एक पंजाबी परिवार के कमरे में मिलीं. रानी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस परिवार में लगातार आठवीं बेटी हुई थी और वह गलती से वहीं पहुंच गई थीं.
रानी ने बताया कि आज भी उनके परिवार वाले मजाक में कहते हैं, "तुम असल में पंजाबी हो, गलती से हमारे परिवार में आ गई."
सिमी गरेवाल के शो में भी सुनाया था किस्सा
रानी मुखर्जी ने यह घटना सिमी गरेवाल के चैट शो में भी बताई थी. उन्होंने कहा था कि अस्पताल में बच्चों को जन्म के बाद पहचान के लिए टैग दिए जाते हैं. लेकिन चेकअप के दौरान नर्स से गलती हो गई और उन्हें दूसरे परिवार के बच्चे से बदल दिया गया. अगर उनकी मां ने ध्यान नहीं दिया होता, तो यह गलती शायद लंबे समय तक किसी को पता ही नहीं चलती.
एक भविष्यवाणी भी हुई थी सच
रानी मुखर्जी ने एक इंटरव्यू में मजाक में कहा था कि शायद उनकी शादी किसी पंजाबी लड़के से होगी. दिलचस्प बात यह है कि बाद में उनकी शादी फिल्ममेकर आदित्य चोपड़ा से हुई. दोनों ने साल 2014 में इटली में बेहद निजी समारोह में शादी की थी. साल 2015 में दोनों बेटी आदिरा के माता-पिता बने. यह कपल अपनी बेटी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखता है.
ये भी पढ़ें: Batwara 1947 में क्या प्रीति जिंटा ने कॉपी किया 'सकीना' का लुक? अमीषा पटेल ने दिया जवाब
