‘जिंदगी भर चुकाऊंगा यह कर्ज’- राजपाल यादव ने सोनू सूद का जताया आभार

Rajpal Yadav: राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले के दौरान मिली आर्थिक मदद के लिए फैंस और सेलेब्स का आभार जताया. सोनू सूद सहित मदद करने वालों को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि वह इस प्यार और एहसान को पूरी जिंदगी सम्मान के साथ चुकाने की कोशिश करेंगे.

Rajpal Yadav: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपने कानूनी मामलों को लेकर चर्चा में हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में फंसे अभिनेता को हाल ही में बेल मिली है. इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री और फैंस से मिली आर्थिक मदद को लेकर अब उन्होंने खुलकर आभार जताया है.

‘आशीर्वाद की बारिश’ जैसा लगा साथ

कर्ली टेल्स के साथ एक इंटरव्यू के दौरान राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें देश-विदेश से जिस तरह का प्यार और सहयोग मिला, वह उनके लिए बेहद भावुक करने वाला अनुभव था. उन्होंने इसे “आशीर्वाद की बारिश” जैसा बताया. उनके मुताबिक, हर वर्ग के लोगों- बच्चों, बुजुर्गों और फैंस ने उन्हें इस कठिन दौर में संभाला.

‘जिंदगी भर चुकाऊंगा यह कर्ज’

अभिनेता ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि भरोसे और प्यार का प्रतीक है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह अपनी पूरी जिंदगी इस एहसान को चुकाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने अपने खास अंदाज़ में कहा कि कभी मनोरंजन के जरिए, तो कभी अपने काम से वह लोगों का प्यार लौटाने का प्रयास करेंगे.

हर मदद का रखा जा रहा हिसाब

राजपाल यादव ने यह भी बताया कि उन्होंने अपनी टीम को निर्देश दिया है कि हर छोटी-बड़ी मदद का रिकॉर्ड तैयार किया जाए. चाहे किसी ने एक रुपये दिए हों या बड़ी रकम, सभी का हिसाब रखा जा रहा है ताकि भविष्य में सम्मानपूर्वक उसे लौटाया जा सके.

इंडस्ट्री के सितारों ने बढ़ाया हाथ

इस दौरान कई सेलेब्स ने भी उनका साथ दिया. सोनू सूद सहित फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उनकी मदद की. हालांकि, राजपाल यादव ने सभी नाम सार्वजनिक करने से परहेज किया, ताकि मदद करने वालों की निजता बनी रहे.

कुल मिलाकर, यह मुश्किल दौर राजपाल यादव के लिए एक सीख भी बनकर सामने आया है, जहां उन्हें लोगों के सच्चे साथ और प्यार का एहसास हुआ.

यह भी पढ़ें: ‘अब गा नहीं पा रही’, दो साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहीं अलका याग्निक, शेयर किया हेल्थ अपडेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >