चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को नहीं मिली राहत, 16 फरवरी को अगली सुनवाई

Rajpal Yadav: राजपाल यादव के चेक बाउंस मामले में जमानत पर फैसला अब 16 फरवरी को होगा. 5 फरवरी से तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता की ओर से वकील ने कोर्ट से समय मांगा, जिसके बाद सुनवाई टल गई. इस बीच फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनके समर्थन में सामने आए हैं.

Rajpal Yadav: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी परेशानी की वजह से सुर्खियों में हैं. उनके चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में 12 फरवरी 2026 को जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन अब इस पर अगली सुनवाई सोमवार, 16 फरवरी को होगी. इस खबर के बाद पूरे दिन लोगों की नजर कोर्ट की कार्यवाही पर टिकी रही. परिवार, फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें राहत मिल सकती है.

क्या था पूरा मामला? (Rajpal Yadav)

बता दें, यह मामला साल 2010 का है. उस समय राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘आता पता लापता’ बनाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी. इसके बाद कर्ज की रकम ब्याज और पेनल्टी के साथ बढ़ती चली गई और बताया जाता है कि यह करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. समय पर भुगतान न कर पाने और चेक बाउंस होने के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई. कोर्ट की तय समयसीमा के भीतर भुगतान नहीं हो पाने के चलते उन्हें इस महीने सरेंडर करना पड़ा. 5 फरवरी को उन्होंने खुद दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया. तब से वह हिरासत में हैं.

वकील ने मांगा मौका (Rajpal Yadav)

12 फरवरी को हुई सुनवाई के समय उनके वकील ने अदालत को बताया कि उन्होंने अपने क्लाइंट से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जमानत याचिका दायर कर दी गई है. वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि दूसरी पक्ष को जवाब दाखिल करने का मौका दिया जाए और मामले की सुनवाई सोमवार तक टाल दी जाए. अगली तारीख पर वे पूरी तैयारी के साथ अपनी दलीलें पेश करेंगे. अदालत ने सुनवाई को 16 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया.

कई सितारों ने किया समर्थन (Rajpal Yadav)

इस बीच फिल्म इंडस्ट्री से कई लोग राजपाल यादव के समर्थन में सामने आए हैं. सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने सार्वजनिक रूप से मदद की अपील की. इसके बाद सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन जैसे सितारों ने भी सहयोग का भरोसा दिया. सिंगर मीका सिंह ने 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि राजपाल यादव ने सालों तक लोगों को हंसाया है, अब मुश्किल वक्त में उन्हें साथ देने की जिम्मेदारी इंडस्ट्री की है. फिल्म एंड टेलीविजन वर्कर्स यूनियन (FWICE) ने भी कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों से आगे आने की अपील की है.

परिवार को मिली राहत (Rajpal Yadav)

राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस कठिन समय में कई लोग उनके साथ खड़े हैं और उन्हें भरोसा है कि न्याय जरूर मिलेगा. उनके करीबी दोस्त पदम सिंह का कहना है कि अभिनेता की नीयत साफ है और अगर उन्हें थोड़ा समय मिल जाए तो वे सभी का पैसा चुका देंगे. सरेंडर से पहले राजपाल यादव ने बॉलीवुड हंगामा के सामने कहा था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और वे इस संकट से जूझ रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा. अब सबकी निगाहें 16 फरवरी की सुनवाई पर टिकी हैं, जब कोर्ट उनके भविष्य को लेकर अगला फैसला सुना सकता है.

ये भी पढ़ें: मुश्किल वक्त में राजपाल यादव का सहारा बना बॉलीवुड, पत्नी बोलीं- सब साथ हैं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shreya Sharma

श्रेया शर्मा पिछले 1साल से प्रभात खबर डिजिटल में एंटरटेनमेंट बीट पर कार्यरत हैं. टीवी, ओटीटी, फिल्मों, भोजपुरी सिनेमा और सेलिब्रिटी से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. ट्रेंडिंग विषयों को आसान, रोचक और भरोसेमंद भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >