Rajni Ki Baraat Teaser: फिल्म ‘रजनी की बारात’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. रोमांस, कॉमेडी और बिहारी अंदाज से भरी इस फिल्म की कहानी दर्शकों को काफी अलग और मजेदार लग रही है. टीजर में एक लड़की अपने प्यार को पाने के लिए खुद बारात लेकर निकल पड़ती है, जिसने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
बिहारी फ्लेवर और मजेदार कहानी ने जीता दिल
करीब एक मिनट के टीजर की शुरुआत बिहार के दरभंगा शहर के माहौल से होती है. देसी अंदाज, बिहारी भाषा और ‘लौंडा नाच’ की झलक टीजर को और खास बनाती है. इसके बाद उल्का गुप्ता की आवाज सुनाई देती है, जहां वह कहती हैं, “हमको रज्जन से शादी करनी है.” वहीं इशिता सिंह का किरदार कहानी में लव ट्रायंगल की ओर इशारा करता नजर आता है. उनका डायलॉग “रज्जन जी से मिलकर स्पेशल तो लगा” कहानी को और दिलचस्प बना देता है.
कलाकारों की एंट्री बनी टीजर की खासियत
टीजर में सुनीता राजवार अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से हंसी का तड़का लगाती दिखाई देती हैं. एक सीन में वह बैंड वालों से कहती हैं, “क्या जी, मुंह क्या देख रहे हैं, बजाइए!” इसके अलावा जरीना वहाब के डांस सीक्वेंस और अश्वथ भट्ट की पुलिस ऑफिसर के रूप में दमदार एंट्री भी टीजर को खास बनाती है.
उल्का गुप्ता ने अपने किरदार को लेकर कही ये बात
टीजर लॉन्च के दौरान उल्का गुप्ता ने कहा कि रजनी एक ऐसी लड़की है जो अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जा सकती है. उन्होंने बताया कि इस किरदार में इमोशन, कॉमेडी और ड्रामा तीनों का शानदार मिश्रण है. उनके मुताबिक, रजनी बिहार की एक मजबूत और बेबाक लड़की को दिखाती है. फिल्म में उल्का गुप्ता के अलावा कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, जरीना वहाब और अश्वथ भट्ट अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है, जबकि इसे एपिफेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है. ‘रजनी की बारात’ 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
यह भी पढ़ें- Karuppu X Review: सूर्या की ‘करुप्पु’ ने फर्स्ट डे पर मचाया धमाल, फैंस बोले- करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस
