Mirzapur: The Movie- ‘मिर्जापुर’ को आपने अब तक मोबाइल, लैपटॉप या टीवी की स्क्रीन पर देखा है. कभी कालीन भैया का खौफ देखा, कभी गुड्डू पंडित का गुस्सा और कभी मिर्जापुर की गलियों में चल रही लड़ाई ने कहानी को आगे बढ़ाया. लेकिन अब इस पूरी दुनिया को देखने का तरीका बदलने वाला है. तीन सीजन तक OTT पर धूम मचाने के बाद ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ बड़े पर्दे पर आने वाली है.
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि जब ‘मिर्जापुर’ की दुनिया वही है, किरदार भी वही हैं, तो थिएटर में देखने पर इसमें अलग क्या होगा? इस सवाल का जवाब खुद कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी ने दिया है.
थिएटर में बदलेगा ‘मिर्जापुर’ का अंदाज
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फिल्म और सीरीज के बीच सबसे बड़ा अंतर इसके स्केल का होगा. उन्होंने कहा,
“फिल्म में नई चीज और सबसे बड़ा बदलाव इसका स्केल है. OTT पर आप ‘मिर्जापुर’ को 5 से लेकर 100 इंच तक की स्क्रीन पर देखते हैं, लेकिन अब इसे 25 से 28 फीट की बड़ी स्क्रीन पर देखेंगे.”
उन्होंने आगे कहा,
“सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब आप इसे बड़े पर्दे पर देखेंगे और इसे एक साथ दर्शकों के साथ महसूस करेंगे. अब तक OTT पर इसे देखना एक निजी और अकेला अनुभव था, लेकिन अब आप इसे दर्शकों के साथ देखेंगे.”
OTT पर ‘मिर्जापुर’ अकेले, थिएटर में पूरा हॉल साथ
OTT पर कोई व्यक्ति रात में अपने कमरे में बैठकर ‘मिर्जापुर’ देख सकता है. उसे रोकना हो तो रोक सकता है, दोबारा कोई सीन देखना हो तो देख सकता है. यानी पूरा अनुभव काफी निजी होता है.
लेकिन थिएटर में ऐसा नहीं होगा. वहां एक साथ सैकड़ों लोग फिल्म देखेंगे. कोई मजेदार सीन आएगा तो पूरा हॉल हंसेगा. कोई जबरदस्त डायलॉग आएगा तो तालियां बजेंगी. किसी एक्शन सीन पर दर्शकों का शोर भी सुनाई देगा.यही चीज फिल्म को OTT से अलग बनाएगी.
पंकज त्रिपाठी बोले- अब ‘मिर्जापुर’ पार्टी मोड में है
पंकज त्रिपाठी ने इसी अंतर को समझाते हुए कहा कि अब तक ‘मिर्जापुर’ को देखना एक तरह से ‘मुझे अकेला छोड़ दो’ वाला अनुभव था. लेकिन थिएटर में यह ‘पार्टी मोड’ में आ जाएगा.
उनका कहना है कि जब कोई फिल्म या कला लोगों के साथ मिलकर देखी जाती है तो उसका असर भी बदल जाता है. एक ही सीन पर जब पूरा हॉल एक साथ प्रतिक्रिया देता है तो उसका मजा अलग होता है.
यानी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया वही रहेगी, कालीन भैया भी वही होंगे और कहानी भी अपनी जानी-पहचानी दुनिया से जुड़ी होगी, लेकिन उसे देखने का अनुभव काफी बड़ा होगा.
कौन-कौन आएगा फिल्म में?
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में पंकज त्रिपाठी के अलावा अली फजल और दिव्येंदु नजर आएंगे. फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, राजेश तैलंग, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और कई दूसरे कलाकार भी हैं.
शो में बबलू का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी फिल्म में नहीं होंगे. उनकी जगह जितेंद्र कुमार फिल्म का हिस्सा हैं.
4 सितंबर को थिएटर में आएगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ये भी पढ़ें: Batwara 1947: सनी देओल से प्रीति जिंटा तक, किसने ली कितनी फीस? पूरी लिस्ट यहां
