जबसे नितेश तिवारी की रामायण का ट्रेलर रिलीज हुआ है, तबसे फैंस साल 2024 में रिलीज हुई ओम राउत की फिल्म 'आदिपुरुष' से इसकी तुलना कर रहे हैं. अब 'आदिपुरुष' के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर का मानना है कि इस तरह का कम्पैरिजन करना सही नहीं है. उन्होंने लोगों को दोनों फिल्मों को एक-दूसरे से जोड़कर देखने से बचने की सलाह दी.
रामायण को लेकर क्या बोले मनोज मुंतशिर
मीडिया संग बात करते हुए 'रामायण' को लेकर मनोज मुंतशिर ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि नितेश तिवारी की रामायण दर्शकों का दिल जीतेगी. उन्होंने यश के रावण अवतार की भी तारीफ की. मनोज मुंतशिर ने कहा, "यश शानदार अभिनेता हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है, जो भी फिल्म हमारी संस्कृति और हमारी कहानियों को दुनिया के सामने लेकर जाती है, उसे मेरी शुभकामनाएं हमेशा रहेंगी. रामायण के लिए भी मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं हैं."
'आदिपुरुष' से तुलना पर क्या बोले मनोज मुंतशिर?
आदिपुरुष और रामायण की तुलना पर मनोज ने कहा, "रामायण की तुलना आदिपुरुष से नहीं करनी चाहिए. यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं होनी चाहिए कि आदिपुरुष लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम किया था, लेकिन आखिरकार यह कोशिश सफल नहीं रही." उन्होंने आगे कहा, "मुझे इस बात की खुशी है कि आदिपुरुष का म्यूजिक लोगों को बेहद पसंद आया और आज भी उसके गाने हिट हैं. मेरी उम्मीद है कि रामायण का संगीत भी उसी स्तर का हो, बल्कि उससे भी आगे निकल जाए."
'आदिपुरुष' क्यों बनी विवादों का हिस्सा?
ओम राउत के निर्देशन में बनी आदिपुरुष में प्रभास ने भगवान श्रीराम, कृति सेनन ने माता सीता और सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया था. करीब 550 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी यह फिल्म शुरुआती कमाई के बाद बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं सकी. निगेटिव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से इसकी रफ्तार जल्द थम गई और फिल्म अपनी लागत तक नहीं निकाल पाई. रिलीज के बाद इसके डायलॉग्स और भगवान श्रीराम और रावण के चित्रण को लेकर भी विवाद हुआ था.
कब रिलीज होगी रामायण पार्ट 1
नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर दर्शकों ने पसंद किया. ट्रेलर की शुरुआत यश के रावण अवतार से होती है. वह अंधेरे से बाहर आते हैं, अपने भव्य महल में कदम रखते हैं और तीनों लोकों पर अपने राज का ऐलान करते नजर आते हैं. इसके बाद रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के रूप में एंट्री लेते हैं. वहीं अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखाई देते हैं. ट्रेलर में राम और सीता के विवाह की खूबसूरत झलक भी देखने को मिलती है. सीता के रोल में साई पल्लवी नजर आई हैं, जबकि लक्ष्मण का किरदार रवि दुबे निभा रहे हैं. 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
