Love and War First Look: संजय लीला भंसाली की रोमांटिक फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. अगर ताजा रिपोर्ट्स पर भरोसा करें, तो दर्शकों को जल्द ही फिल्म की पहली आधिकारिक झलक देखने को मिल सकती है. खबर है कि 15 अगस्त के खास मौके पर मेकर्स फिल्म के मुख्य कलाकार रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल का फर्स्ट लुक रिलीज करने की तैयारी में हैं. हालांकि, फिल्म की टीम की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
पोस्टर आएगा या वीडियो? अभी जारी है चर्चा
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स स्वतंत्रता दिवस पर तीनों मुख्य कलाकारों के कैरेक्टर पोस्टर जारी करने की योजना बना रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में फिल्म के सेट से कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, लेकिन यह पहली बार होगा जब मेकर्स खुद फिल्म की आधिकारिक झलक जारी करेंगे. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि संजय लीला भंसाली सिर्फ पोस्टर ही नहीं, बल्कि फर्स्ट लुक को वीडियो फॉर्मेट में भी पेश करने पर विचार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि कैरेक्टर पोस्टर तैयार हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अलग-अलग पोस्टर के रूप में रिलीज किया जाएगा या वीडियो के जरिए, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
फिल्म की शूटिंग आखिरी चरण में पहुंची
रिपोर्ट्स के मुताबिक 'लव एंड वॉर' की शूटिंग अब अंतिम दौर में है. बताया जा रहा है कि विक्की कौशल अपनी शूटिंग पूरी कर चुके हैं, जबकि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट अगले कुछ हफ्तों में अपना काम खत्म कर देंगे. रणबीर कपूर इन दिनों 'रामायण' और 'लव एंड वॉर' दोनों फिल्मों की शूटिंग साथ-साथ कर रहे हैं. हाल ही में उन्हें मुंबई में संजय लीला भंसाली की फिल्म वाले लुक में भी देखा गया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की मुख्य शूटिंग अगस्त के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है.
पहली बार साथ नजर आएंगे रणबीर, आलिया और विक्की
'लव एंड वॉर' की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टारकास्ट भी है. यह पहली बार होगा जब रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ किसी फिल्म में स्क्रीन शेयर करेंगे. हालांकि तीनों कलाकार पहले अलग-अलग फिल्मों में एक-दूसरे के साथ काम कर चुके हैं, लेकिन तीनों की तिकड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी.
क्या फिल्म में होगी दीपिका पादुकोण की एंट्री?
फिल्म को लेकर एक और दिलचस्प चर्चा भी तेज हो गई है. दरअसल, फैंस ने IMDb पर 'लव एंड वॉर' के कास्ट सेक्शन में दीपिका पादुकोण का नाम भी देखा है. इसके बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जाने लगे कि वह फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस कर सकती हैं. हालांकि IMDb पर उनके किरदार या भूमिका से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई है. वहीं, अब तक न तो फिल्म के मेकर्स और न ही दीपिका ने इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया दी है. इसलिए फिलहाल इसे सिर्फ अटकलें ही माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 'रामायण' ट्रेलर देख खुद को रोक नहीं पाईं आलिया भट्ट, रणबीर कपूर की फिल्म पर दिया ऐसा रिएक्शन
