Jannat 3: इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है. इसी बीच इमरान के फैंस के लिए एक ऐसी खबर सामने आई है, जो उन्हें एक्साइट कर सकती है. उनकी पॉपुलर फिल्म फ्रेंचाइजी ‘जन्नत’ को लेकर प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने बड़ा अपडेट दिया है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या इमरान हाशमी एक बार फिर अर्जुन दीक्षित बनकर स्क्रीन पर लौटेंगे? आइए जानते हैं क्या है पूरा अपडेट.
Jannat 3: स्क्रिप्ट पर शुरू हुआ काम
‘जन्नत 3’ को लेकर विशेष भट्ट ने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है. Zoom से बातचीत में जब उनसे तीसरी फिल्म के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “आवारापन के बाद मैं निश्चित रूप से जन्नत 3 पर विचार कर रहा हूं. स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है.”
फिलहाल फिल्म की कहानी कैसी होगी, इसका डायरेक्शन कौन करेगा और इसे कब रिलीज किया जाएगा, इन चीजों की जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, इमरान हाशमी इस फिल्म का हिस्सा होंगे या नहीं, इसे लेकर भी अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
Jannat 3: क्या फिर इमरान हाशमी बनेंगे अर्जुन दीक्षित?
‘जन्नत’ फ्रेंचाइजी और इमरान हाशमी का कनेक्शन काफी पुराना है. पहली फिल्म ‘जन्नत’ साल 2008 में रिलीज हुई थी. इसमें इमरान हाशमी ने अर्जुन दीक्षित का किरदार निभाया था, जबकि सोनल चौहान उनके साथ लीड रोल में थीं. फिल्म का डायरेक्शन कुणाल देशमुख ने किया था.
इसके बाद साल 2012 में ‘जन्नत 2’ आई. इसमें भी इमरान हाशमी लीड रोल में थे और उनके साथ ईशा गुप्ता नजर आई थीं. अब तीसरी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम शुरू होने की खबर के बाद फैंस के बीच यह जानने की एक्साइटमेंट बढ़ गई है कि क्या इमरान फिर से इस फ्रेंचाइजी में वापसी करेंगे. हालांकि, अभी उनकी वापसी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है.
Awarapan 2: सिर्फ पैसे के लिए नहीं बनाई फिल्म
विशेष भट्ट ने ‘आवारापन 2’ को लेकर भी बात की. उन्होंने बताया कि यह फिल्म सिर्फ पैसे कमाने के लिए नहीं बनाई गई थी. प्रोड्यूसर के मुताबिक, शुरुआत में मार्केट में कोई भी इस फिल्म को खरीदने के लिए तैयार नहीं था. इसके बाद टीम ने खुद फिल्म में पैसे लगाए.
उन्होंने बताया कि फिल्म बनने के बाद मार्केट में इसका बज क्रिएट हुआ और फिर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी. यानी मेकर्स ने पहले फिल्म पूरी की और उसके बाद उसे मार्केट में लेकर गए.
Awarapan 2 Box Office: बॉक्स ऑफिस पर कैसी है फिल्म?
‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं. फिल्म का मुकाबला सनी देओल और प्रीति जिंटा की ‘बंटवारा 1947’ से भी हो रहा है. रिलीज के बाद से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इसकी कमाई 81.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है.
अब ‘आवारापन 2’ की सफलता के बीच ‘जन्नत 3’ की स्क्रिप्ट पर काम शुरू होने की खबर ने इमरान हाशमी के फैंस को एक और वजह दे दी है एक्साइट होने की.
यह भी पढ़ें: Awarapan 2 Box Office: बॉक्स ऑफिस पर चला शिवम पंडित का जादू, तीन दिन में 100 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म
