वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर रोमांटिक कॉमेडी 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भारत में 51.24 करोड़ और वर्ल्डवाइड 74.28 करोड़ कमाए थे. थिएटर रिलीज के करीब आठ हफ्ते बाद अब ये फिल्म ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है.
इस ओटीटी पर रिलीज हुई है जवानी तो इश्क होना है
'है जवानी तो इश्क होना है' 31 जुलाई से जी5 पर स्ट्रीम हो रही है. ओटीटी प्लेटफॉर्म ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया. जिसमें लिखा, "एक तरफ एक्स, दूसरी तरफ नेक्स्ट... और बीच में फंसा है जस... ऐसे में कन्फ्यूजन, हंगामा और कॉमेडी का फुल डोज तो बनता ही है. 'है जवानी तो इश्क होना है' अब ZEE5 पर स्ट्रीम हो रही है."
डेविड धवन ने है जवानी तो इश्क होना है के ओटीटी रिलीज को लेकर कही ये बात
डेविड धवन ने ओटीटी स्ट्रीमिंग को लेकर एक्साइटमेंट जाहिर की. उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से मानता हूं कि लोग कॉमेडी फिल्में अपनी परेशानियां भूलने और चेहरे पर मुस्कान लेकर बाहर निकलने के लिए देखते हैं. 'है जवानी तो इश्क होना है' में कन्फ्यूजन, इमोशंस, रोमांस और भरपूर मस्ती का तड़का है. अपने पूरे करियर में मुझे इसी तरह की कहानियों पर काम करना सबसे ज्यादा पसंद रहा है. अब मुझे खुशी है कि यह फिल्म हिंदी जी5 पर रिलीज हो रही है, जहां परिवार के सभी लोग घर बैठे साथ में इसका आनंद ले सकेंगे."
वरुण धवन बोले जी5 पर फिल्म देख सकेंगे लोग
इधर वरुण धवन ने कहा, "जस मेरे करियर के सबसे मजेदार किरदारों में से एक है. वह बेहद शरारती, दिल जीत लेने वाला और हर बार ऐसी परिस्थितियों में फंस जाता है, जहां से चीजें और भी ज्यादा उलझ जाती हैं. पापा के साथ दोबारा काम करना हमेशा खास होता है, क्योंकि कॉमेडी की उनकी समझ वाकई कमाल की है, जो लोग थिएटर में यह फिल्म नहीं देख पाए या दोबारा इसका मजा लेना चाहते हैं, अब वे इसे जी5 पर आसानी से देख सकेंगे."
मृणाल ठाकुर बोली- फिल्म देखकर एंटरटेन होंगे दर्शक
मृणाल ठाकुर ने कहा, "बानी एक इमोशनल, आत्मनिर्भर और अपने फैसलों पर अडिग रहने वाली लड़की है. मुझे इस फिल्म की सबसे खास बात यह लगी कि ढेर सारी कॉमेडी के पीछे रिश्तों, फैसलों और जिंदगी में आगे बढ़ने की एक खूबसूरत कहानी छिपी हुई है. मुझे बेहद खुशी है कि अब यह फिल्म जी5 पर नए दर्शकों तक पहुंचेगी और ज्यादा से ज्यादा लोग इसकी गर्मजोशी और मनोरंजन का अनुभव कर पाएंगे."
ये भी पढ़ें: 39 साल के वरुण धवन की मां बनीं 40 साल की मौनी रॉय, ट्रोलिंग पर बोलीं- ‘मुझे कोई फर्क नहीं पड़ा’
