Grammy 2024: PM मोदी ने जाकिर हुसैन-शंकर महादेवन को ग्रैमी अवॉर्ड जीतने पर दी बधाई, बोले- भारत को गर्व...

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर भारत को गर्व है. हुसैन और गायक शंकर महादेवन के एक फ्यूजन संगीत समूह ‘शक्ति’ ने ‘दिस मूमेंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ग्लोबल संगीत एल्बम की कैटेगरी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेस्ट ग्लोबल संगीत एल्बम की कैटेगरी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन और गायक शंकर महादेवन सहित उनकी पूरी टीम को बधाई दी. पीएम ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर भारत को गर्व है. हुसैन और गायक शंकर महादेवन के एक फ्यूजन संगीत समूह ‘शक्ति’ ने ‘दिस मूमेंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ग्लोबल संगीत एल्बम की कैटेगरी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीता है.

प्रधानमंत्री ने ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर दी बधाई

इस एल्बम में संगीत समूह के संस्थापक सदस्य गिटार वादक जॉन मैकलॉघलिन के साथ हुसैन, महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और तालवादक सेल्वागणेश विनायकराम शामिल है. ‘शक्ति’ का 45 से अधिक वर्षों में पहला स्टूडियो एल्बम ‘दिस मूमेंट’ जून 2023 में रिलीज किया गया था. संगीत के क्षेत्र के सबसे बड़े पुरस्कार ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन करने वाली रिकॉर्डिंग एकेडमी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह घोषणा की.

पीएम मोदी बोले- भारत को गर्व है

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ के जरिए हुसैन, महादेवन, राकेश चौरसिया, सेल्वागणेश और गणेश राजगोपालन को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा, ‘‘संगीत के प्रति आपकी असाधारण प्रतिभा और समर्पण ने दुनिया भर में दिल जीता है. भारत को गर्व है. ये उपलब्धियां आपके ओर से की जाने वाली कड़ी मेहनत का प्रमाण है. यह नई पीढ़ी के कलाकारों को बड़े सपने देखने और संगीत में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा.’’

Also Read: Grammy Awards 2024 Winners: जाकिर हुसैन-शंकर महादेवन ने जीता ग्रैमी अवॉर्ड, यहां देखें पूरी लिस्ट

महादेवन ने इस शख्स को दिया जीत का श्रेय

महादेवन ने इस जीत का श्रेय अपनी पत्नी संगीता को देते हुए कहा, ‘‘हम आपको याद कर रहे हैं जॉन जी. जाकिर हुसैन, उन्होंने आज एक और ग्रैमी पुरस्कार जीता है. ब्वॉयज, ईश्वर, परिवार, दोस्तों और भारत का शुक्रिया। हमें भारत पर गर्व है.’’ राजगोपालन ने इस पुरस्कार के लिए रिकॉर्डिंग एकेडमी का आभार जताया. सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम की श्रेणी में अन्य नामांकन में ‘एपिफेनियाज’ (सुसैन बाका), ‘हिस्ट्री’ (बोकांते), ‘आई टोल्ड देम…’ (बर्ना ब्वॉय) और ‘टाइमलेस’ (डेविडो) शामिल थे.

हुसैन ने कहा धन्यवाद

हुसैन ने ‘पश्तो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति और अमेरिका के बेंजो वादक बेला फ्लेक और अमेरिकी बास वादक एडगर मेयेर के साथ ‘एज वी स्पीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ समसामयिक वाद्य एल्बम का ग्रैमी पुरस्कार भी जीता. इस एल्बम में महान बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया के भतीजे और भारतीय बांसुरी वादक राकेश चौरसिया भी हैं. हुसैन ने ‘पश्तो’ के लिए पुरस्कार लेते वक्त कहा, ‘‘प्रेम और संगीत के बिना हम कुछ भी नहीं हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘एकेडमी का शुक्रिया, हमें आज यह खूबसूरत संगीत देने के लिए इन सभी महान संगीतकारों का शुक्रिया. हमारे एक सदस्य बेला फ्लेक मौजूद नहीं हैं.’’

ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024 में भारत ने बिखेरी चमक

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी, राकेश चौरसिया और एडगर मेयेर की तरफ से हम दिल से आभार व्यक्त करते हैं… हमारे परिवार यहां हैं और उनके बिना हम कुछ भी नहीं हैं. प्रेम, संगीत, सौहार्द के बिना हम कुछ भी नहीं हैं.’’ सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रस्तुति की श्रेणी में आठ नामांकन थे, जिसमें फालू का गीत ‘‘अबन्डंस इन मिलेट्स’’ शामिल था. इस गीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी दिखाई दिए हैं. पुरस्कार समारोह में शामिल हुए दो बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज ने 2024 को ग्रैमी में भारत का वर्ष बताया. इस साल के ग्रैमी पुरस्कार का आयोजन रविवार रात को लॉस एंजिलिस में किया गया.

Also Read: Grammy Awards 2024: ग्रैमी अवॉर्ड्स में चला भारतीयों का जादू, शंकर महादेवन ने इस शख्स को दिया जीत का श्रेय

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >