Drishyam 3: बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा सस्पेंस फिल्मों में से एक 'दृश्यम' का तीसरा पार्ट 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' जल्द ही सिनेमाघरों में आने वाला है. लेकिन इस फिल्म को बनाना मेकर्स के लिए किसी बड़ी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था. फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक एक हफ्ते पहले एक ऐसा झटका लगा जिसने पूरी टीम को हिलाकर रख दिया था. 'दृश्यम 2' में आईजी तरुण अहलावत का रोल निभाकर तारीफें बटोरने वाले अक्षय खन्ना ने ऐन वक्त पर फिल्म छोड़ दी थी. अब फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है और बताया है कि उस वक्त सेट पर क्या माहौल था.
'ये क्या तरीका हुआ', अक्षय के फैसले से दुखी थी पूरी टीम
दिसंबर 2025 में जब क्रिसमस के ठीक बाद फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली थी, तब पैसों और कहानी को लेकर कुछ मतभेदों के चलते अक्षय खन्ना ने फिल्म से किनारा कर लिया. अभिषेक पाठक ने Hindustan Times को दिए इंटरव्यू में बताया कि टीम डरी तो नहीं थी, लेकिन सब बहुत दुखी और नाराज जरूर थे. अभिषेक के दिमाग में बस यही बात आई कि 'ये क्या तरीका हुआ?'.
सेट पूरी तरह लग चुका था और 7 दिन बाद ही अजय देवगन के साथ अक्षय खन्ना का सीन शूट होना था. ऐसे में अचानक एक्टर का हट जाना पूरी टीम के लिए बड़ा झटका था.
यह भी पढ़ें: 'पागल हो गया है क्या तू? विलेन क्यों बनूंगा' रहमान डकैत का रोल मिलते ही भड़क गए थे Akshaye Khanna
200 लोगों की रोजी-रोटी के लिए कैंसिल नहीं किया शूट
अभिषेक ने बताया कि उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि क्या शूटिंग रोक दी जाए? लेकिन उन्होंने फैसला किया कि काम बिल्कुल नहीं रुकेगा. अभिषेक ने कहा, "सेट लग चुका था. 200 से ज्यादा लोग इस फिल्म पर निर्भर थे. लाइटमैन और स्पॉटबॉय जैसे क्रू मेंबर्स रोज की कमाई पर काम करते हैं, शूट कैंसिल होता तो उनका भारी नुकसान होता. इसके अलावा अजय देवगन समेत सभी बड़े एक्टर्स की डेट्स पहले से बुक थीं. अगर हम डेट्स आगे बढ़ाते तो बाकी डायरेक्टर्स अपनी डेट्स नहीं छोड़ते. इसलिए हमने तय किया कि हम पीछे नहीं हटेंगे."
सिर्फ 5 दिन में जयदीप अहलावत की हुई एंट्री
इसके बाद अभिषेक पाठक ने जयदीप अहलावत को फोन मिलाया. जयदीप ने फोन उठाते ही सीधा सवाल पूछा, "कास्टिंग बदल रहे हो या किरदार?"
अभिषेक ने जवाब दिया कि वे किरदार ही नया लिख रहे हैं. इसके बाद अभिषेक ने दिन-रात एक करके स्क्रिप्ट में नए किरदार को जोड़ा. जयदीप को कहानी पसंद आई और सिर्फ 5 से 6 दिनों के अंदर वे इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गए.
फिल्म में जयदीप अब 'राजवीर सिंह तोमर' नाम के आईपीएस ऑफिसर का रोल निभा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Drishyam 3 में अक्षय खन्ना को जयदीप अहलावत ने किया रिप्लेस? खुद अजय देवगन ने बता दिया सच
बिना किसी तैयारी के सेट पर पहुंचे जयदीप
डायरेक्टर ने माना कि जयदीप के लिए यह रोल आसान नहीं था. आमतौर पर एक्टर्स को तैयारी के लिए 6 महीने मिलते हैं, लेकिन जयदीप के पास सिर्फ कुछ ही दिन थे. मुंबई में लुक टेस्ट हुआ, दो बार स्क्रिप्ट रीडिंग हुई और वे सीधे सेट पर पहुंच गए. उनका पहला सीन गोवा में शूट हुआ था, लेकिन अभिषेक को लगा कि सीन और बेहतर हो सकता है, इसलिए बाद में उसे मुंबई में दोबारा शूट किया गया. जयदीप ने इस पूरे दबाव को बहुत ही समझदारी से संभाला.
2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी 'दृश्यम: द कन्क्लूजन'
इस तीसरे पार्ट में अजय देवगन एक बार फिर 'विजय सालगांवकर' बनकर लौट रहे हैं. उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर और इशिता दत्ता भी नजर आएंगे. इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत के अलावा प्रकाश राज और सौरभ शुक्ला भी अहम रोल में दिखाई देंगे. यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
