Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 5: Ranveer Singh की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धमाल मचा रही है. रिलीज के बाद से ही फिल्म ने जिस रफ्तार से कमाई शुरू की, वह अब वीकडेज में भी थमती नजर नहीं आ रही है. शानदार ओपनिंग वीकेंड के बाद अब फिल्म ने मंडे टेस्ट में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी है.
चार दिनों में जबरदस्त कमाई
फिल्म ने पेड प्रीव्यू से ही मजबूत शुरुआत की थी और पहले दिन 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर बड़ा रिकॉर्ड बनाया. दूसरे दिन फिल्म ने करीब 80 करोड़ और तीसरे दिन 113 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं चौथे दिन यानी रविवार को फिल्म ने लगभग 114 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया. इस तरह फिल्म का चार दिनों का कुल कलेक्शन 450 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.
पांचवें दिन भी शानदार प्रदर्शन
पांचवें दिन यानी पहले सोमवार को भी फिल्म की कमाई उम्मीद से बेहतर बनी हुई है. Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 2 बजे तक फिल्म 11 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शाम और रात के शोज के बाद इन आंकड़ों में और उछाल देखने को मिल सकता है.
ऑक्यूपेंसी में भी दिखा दम
फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी मजबूत बनी हुई है. सोमवार दोपहर तक करीब 28 प्रतिशत सीटें भरी नजर आईं, जो वीकडे के हिसाब से काफी अच्छा संकेत है. उम्मीद की जा रही है कि शाम के शोज में दर्शकों की संख्या और बढ़ेगी.
वर्ल्डवाइड 700 करोड़ क्लब के करीब
दुनियाभर में भी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का जलवा कायम है. फिल्म ने चार दिनों में ही करीब 690 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है और सोमवार को 700 करोड़ क्लब में एंट्री करने की पूरी संभावना है. अगर ऐसा होता है तो यह सबसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचने वाली फिल्मों में शामिल हो जाएगी.
दमदार स्टारकास्ट और कहानी
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, गौरव गेरा और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. 19 मार्च को रिलीज हुई यह फिल्म अपने एक्शन और थ्रिल के कारण दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है.
यह भी पढ़ें: धुरंधर 2 की रिकाॅर्ड तोड़ सफलता के बीच पहली बार साथ नजर आए दीपिका-रणवीर, फैंस ने लगाए “बब्बर शेर” के नारे
