मुंबई: अभिनेता राहुल खन्ना ने अपने पिता एवं अभिनेता-राजनेता विनोद खन्ना को याद करते हुए सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर साझा की. ब्लड कैंसर के चलते 27 अप्रैल को उनका निधन हो गया था. अभिनेता (44) ने ट्विटर पर पिता के साथ अपने बचपन की एक ‘ब्लैक एंड वाइट’ तस्वीर साझा की जिसमें वह अपने पिता एवं बडे भाई अक्षय के साथ समुद्र के किनारे पर खेल रहे हैं.
जब फिल्मी दुनिया की चकाचौंध छोड़ विनोद खन्ना बने सन्यासी
राहुल ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘ऐसा लगता है जैसे कल ही की बात है.’ विनोद खन्ना के अपनी पहली पत्नी गीतांजलि से राहुल और अक्षय (42) दो बेटे हैं, दोनों वर्ष 1985 में अलग हो गए थे. अभिनेता का निधन 70 साल की उम्र में हुआ.
‘इम्तिहान’ के अभिनेता ने वर्ष 1990 में कविता से दूसरी शादी की थी जिससे उनके दो बच्चे बेटा साक्षी और बेटी श्रद्धा हैं. विनोद खन्ना ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘कुर्बानी’ और ‘इंसाफ’ जैसी फिल्मों में निभाई अपनी भूमिका के लिए पहचाने गए. अभिनेता के साथ ही वह पंजाब के गुरदासपुर से संसद के सदस्य भी थे.
