मुंबई: गणपति विसर्जन के दौरान मीडियाकर्मियों और प्रशंसकों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर किरकिरी का सामना कर रहे अभिनेता ऋषि कपूर की भतीजी अभिनेत्री करीना कपूर का कहना है कि उनके चाचा बहुत आसानी से अपना आपा नहीं खोते.
हाल ही में एक वीडियो सामने आया जिसमें ऋषि और उनके भाई रणधीर कपूर को 15 सितंबर को गणेश विसर्जन के दौरान कुछ मीडियाकर्मियों और प्रशंसकों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करते देखा गया था.
करीना ने बताया, ‘ मैं जानना चाहती थी कि वास्तव में क्या हुआ. मुझे नहीं पता कि उस दिन क्या हुआ. जरुर कुछ ऐसा हुआ होगा जिससे उनका मूड खराब हुआ. अन्यथा मुझे नहीं लगता कि उनके जैसा व्यक्ति इतनी जल्दी अपना आपा खो दे.’
उन्होंने कहा, ‘वह एक बहुत वरिष्ठ और समझदार व्यक्ति हैं. उन्हें पता है कि वह क्या कर रहे हैं. जाहिर तौर पर कुछ ऐसा हुआ होगा जिससे उनका मूड खराब हुआ हो. वहां कितने सारे लोग थे और बारिश भी हो रही थी.’
बता दें कि करीना प्रेग्नेंट है और इस साल दिसंबर में मां बननेवाली हैं. वे आगामी फिल्म ‘वीरे दि वेडिंग’ को लेकर व्यस्त हैं और हाल ही में बेबी बंप के साथ रैंपवॉक करती नजर आई थी.
