मुंबई : बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने एस एस राजामौली की बहुभाषी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ की तारीफ करते हुए इसकी प्रशंसा की है. हाल ही में शाहरुख ने बुल्गारिया में अपनी आगामी फिल्म ‘दिलवाले’ की शूटिंग खत्म की है. इस फिल्म लंबे अर्से बाद काजोल के साथ नजर आनेवाले हैं.
फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के 49 वर्षीय अभिनेता ने ट्विटर पर इस फिल्म की तारीफ की और इसे प्रेरणा देने वाला बताया. उन्होंने ट्वीट किया, ‘बाहुबली फिल्म पर बहुत ज्यादा मेहनत की गयी है. इसमें शामिल सभी लोगों को प्रेरणा देने के लिए धन्यवाद. आप आकाश पर तभी पहुंच सकते हैं जब आप छलांग लगाने के लिए तैयार हैं.’
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही ‘दिलवाले’ में वरुण धवन और कृति शैनन मुख्य भूमिकाओं में हैं. शाहरुख और काजोल आखिरी बार करण जौहर की फिल्म ‘माई नेम इज खान’ में नजर आये थे. ‘दिलवाले’ इसी साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी. वहीं दूसरी तरफ ‘बाहुबली’ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई कर रही है.
