बॉडी शेमिंग पर कई सेलेब्स ने खुलकर अपने विचार प्रकट किये हैं. इस पर होनेवाली ट्रोलिंग के खिलाफ भी कई सितारों ने मोर्चा खोला है. अब बॉलीवुड अभिनेत्री शिखा तलसानिया ने गुस्सा जाहिर करते हुए बॉडी शेमिंग के जोक्स को रेसिस्ट जोक्स तक करार दे दिया. शिखा ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह अपनी बॉडी का लेकर पूरी तरह कॉन्फिडेंट हैं मगर उन्हें कभी कभी बॉडी शेमिंग को लेकर संघर्ष भी करना पड़ता है. अभिनेत्री ने कहा कि यह जोक्स किसी भी मायने में रेसिस्ट जोक्स से कम नहीं होते हैं.
IANS से बातचीत में शिखा ने कहा,’ किसी के लिए भी ऐसी कोई अनिवार्यता नहीं है कि वह पॉजिटिव ही दिखे. इंसानों में हमेशा से यह धारणा रही है कि किसी के चेहरे से उनका अनुमान लगाते हैं.’
उन्होंने आगे कहा,’ उन्हें चेहरे से नहीं बल्कि स्वभाव और कार्यो के बलबूते पर शख्स का आकलन करना चाहिये.’ उन्होंने कहा,’ ऐसा तब तक होता रहेगा जब तक इंसान व्यर्थ की बातें सोचता रहेगा. ऐसा इसलिए भी है कि इंसान अपने आगे किसी के बारे में कुछ नहीं सोचता है.’
शिखा ने कहा,’ हालात तभी सुधरेंगे जब इंसान अपने दिल में अपने लिए प्यार पैदा करेगा और अपने आस-पास के लोगों और चीजों को प्यार के भाव से देखेगा.’ गौरतलब है कि शिखा तलसानिया ने बॉलीवुड में फिल्म ‘वेक अप सिड’ से डेब्यू किया था. बीते साल वह करीना कपूर और सोनम कपूर के साथ फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ में दिखे थे.
बता दें कि, शिखा तलसानिया फिल्म ‘कुली नंबर 1’ के रीमेक में नजर आएंगी. फिल्म में वरुण धवन और सारा अली खान लीड रोल में दिखेंगे.
