मुंबई : बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा 2 दिसंबर को अमेरिकी सिंगर निक जोंस के साथ शादी के बंधन में बंधने वालीं हैं. शादी के करीब एक सप्ताह पूर्व रविवार को यह जोड़ी मुंबई में नजर आयी. मुंबई पहुंचते ही इस जोड़ी को लोगों ने कैमरे में कैद किया जिसकी तस्वीर मिनटों में वायरल हो चली है. तस्वीर में निक और प्रियंका लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिख रहे हैं.
आपको बता दें कि शादी जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में होगी. प्रियंका इस शादी को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं रखना चाहती हैं. वेन्यू से लेकर आउटफिट्स तक इस तरह चुने गये हैं कि हर तरफ ये रॉयलिटी की झलक नजर आए. शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. प्रियंका चोपड़ा की शादी की रस्में 28 नवंबर से शुरू हो जायेगी.
पहले संगीत, मेहंदी और फिर हिंदू और क्रिश्चयन रीति रिवाज से शादी होगी. रिपोर्ट की मानें तो, प्रियंका चोपड़ा और निक जोंस मुंबई और दिल्ली में अलग-अलग रिसेप्शन देने वाले हैं. प्रियंका ने जोधपुर में होने वाली शादी के लिए सलमान खान, रणवीर कपूर, आलिया भट्ट, कटरीना कैफ, फरहान अख्तर और सिद्धार्थ रॉय कपूर सहित अपने दोस्तों को ही न्योता दिया है जबकि बाकी सितारे मुंबई के रिसेप्शन में शामिल होंगे.
