पूर्व मॉडल और अभिनेत्री निहारिका सिंह ने बॉलीवुड में अपने साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना का खुलासा किया है. #MeToo कैंपेन के पूर्व मिस इंडिया रहीं निहारिका सिंह ने नवाजुद्दीन सिद्दिकी, साजिद खान और भूषण कुमार पर कई आरोप लगाये हैं. उन्होंने एक जर्नलिस्ट से ये सभी बातें शेयर की हैं जिन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर इन सभी बातों को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. निहारिका ने खुलासा किया कि जब वे इंडस्ट्री में स्ट्रगल कर रही थीं तो उनके साथ कैसी-कैसी घटनायें घटी थी.
निहारिका सिंह फिल्म ‘मिस लवली’ की शूटिंग के दौरान नवाजुद्दीन सिद्दिकी से मिली थीं. नवाजुद्दीन के बारे में निहारिका ने कहा,’ एक बार नवाज (नवाजुद्दीन सिद्दिकी) पूरी रात शूटिंग करते रहे और उन्होंने सुबह मुझे मैसेज किया कि वे मेरे घर के पास हैं.’
उन्होंने आगे बताया,’ मैंने उन्हें नाश्ते के लिए इन्वाइट कर लिया. जब मैंने दरवाजा खोला तभी नवाज ने मुझे अपनी बांहों में जकड़ लिया. मैंने उन्हें हटाने की कोशिश की लेकिन थोड़ी देर की जबरदस्ती के बाद मैं अपनेआप को छुड़ा पाई. मैं नवाज के साथ रिलेशनशिप में नहीं आना चाहती थी लेकिन उन्होंने मुझसे कहा कि उनका सपना है कि उनकी पत्नी भी परेश रावल और मनोज वाजपेयी की पत्नी की तरह एक्ट्रेस हो या मिस इंडिया हों. मुझे नवाज की यह बात थोड़ी फनी लेकिन प्यारी लगी.’
निहारिका ने आगे बताया,’ कुछ महीनों बाद मुझे पता चला कि नवाज के कई महिलाओं के साथ अफेयर है. मुझे यह भी बात भी पता चली कि उन्होंने हल्द्वानी में एक महिला से शादी भी कर रखी है जिसने उनके ऊपर दहेज मांगने का आरोप लगाया था. एक औरत तो फोन करके मुझपर चिल्लाने लगी थी. इसके बाद मैंने नवाज के साथ रिलेशनशिप करने का फैसला किया.’
निहारिका ने अपने पोस्ट में यह भी बताया कि बॉलीवुड में स्ट्रगल करने के दौरान साजिद खान और भूषण कुमार ने किस तरह उनसे फिल्में ऑफर करने के बदले नाजायज मांगें की थीं.
गौरतलब है कि नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने अपनी ऑटोबॉयोग्राफी में भी अपने रिलेशनशिप के बारे में कई विवादित बातें लिखीं थीं जिसपर बवाल मचने के बाद उनकी किताब वापस ले ली गई थी. नवाज ने इस किताब में निहारिका सिंह के साथ अपने रिलेशनशिप के बारे में विस्तार से लिखा था.
