मुंबई : 72वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी का पहला पोस्टर रिलीज किया गया है. पोस्टर में रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभा रहीं कंगना आक्रमक अवतार में नजर आ रहीं हैं. घोड़े पर सवार कंगना के एक हाथ में तलवार है. अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही झांसी की रानी की पीठ पर उनका बेटा है. पोस्टर काफी दमदार है और यह अवतार कंगना पर बेहद भा रहा है. यहां चर्चा कर दें कि फिल्म का निर्देशन कृष ने किया है. इसमें सोनू सूद अहम किरदार में दिखेंगे.
यदि आपको याद हो तो फिल्म की शूटिंग के दौरान कंगना दुर्घटना का शिकार हो गयीं थी. ‘मणिकर्णिका : झांसी की रानी’ के बारे में कंगना ने आईएएनएस से बातचीत में बताया था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान मैं एक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गयी थी जिससे मेरे माथे पर एक निशान आ गया था. आगे उन्होंने कहा था कि लेकिन जब मैं पीछे देखती हूं, तो मैं इस निशान को शान के साथ लेकर चलती हूं. मैं झांसी की रानी के बिल्कुल भी करीब नहीं हूं, लेकिन उनकी कहानी ने निश्चित रूप से फिल्म के शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण हिस्से को करने के लिए साहस और ताकत देने का काम किया है.
गौर हो कि कंगना को तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जा चुका है. वह अब अपनी अगली फिल्म ‘मणिकर्णिका..’, ‘मेंटल है क्या’ और अश्विनी अय्यर तिवारी द्वारा निर्देशित एक स्पोर्ट्स ड्रामा के साथ तैयार हैं.
https://www.instagram.com/p/BmfEamOhDps/?utm_source=ig_embed
