नयी दिल्ली : फिल्म अभिनेता और निर्देशक कमल हासन कान फिल्म समारोह में भारतीय दीर्घा का उद्घाटन करेंगे. वह फिक्की मीडिया और मनोरंजन व्यापार सम्मेलन के भी अध्यक्ष हैं. फिक्की,सूचना और प्रसारण मंत्रालय के साथ मिलकर भारतीय दीर्घा में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग से जुडे लोगों के बीच एक संवाद सत्र का आयोजन करेगी. इसमें सभी भारतीय भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधताओं से सजी फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा.
आज से शुरु हो रहे इस समारोह का लक्ष्य वैश्विक फिल्म शूटिंग स्थल के रुप में भारत को स्थापित करने का है. इस समारोह में एकल खिडकी स्वीकृति और विभिन्न देशों के साथ सह-निर्माण समझौतों जैसे उठाये गये कदमों पर प्रकाश डाला जाएगा जिससे इसे सक्षम बनाया जा सके.
कमल हासन के साथ दीर्घा के उद्घाटन के समय फ्रांस में भारत के राजदूत अरुण के सिंह, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव विमल जुल्का, मार्शे दु फिल्म (द कान फिल्म मार्केट) के कार्यकारी निर्देशक जेरोम पैलार्ड और अभिनेता-निर्माता उदय चोपड़ा उपस्थित रहेंगे.
