दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की फिल्म पद्मावत बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. भारी विरोध के बाद 25 जनवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने पहले दिन से ही टिकट खिड़की पर अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है. फिल्म वीकेंड के अलावा बाकी दिनों में भी अच्छी कमाई कर रही है. हर तरफ संजय लीला भंसाली की फिल्म की तारीफ हो रही है. अब पद्मावत बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ की ओर बढ़ रही है. फिल्म ने मात्र 10 दिनों में 192.50 करोड़ की कमाई कर ली है.
फिल्म ने दूसरे हफ्ते के शुक्रवार को 10 करोड़ और शनिवार को 16 करोड़ रुपये की कमाई की. इस तरह फिल्म ने अब तक कुल मिलाकर 192.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है. फिल्म रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की सबसे ज्यादा कमाई करनेवाली फिल्म बन गई है. अनुमान है फिल्म जल्द ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी.
फिल्म ने शुरुआत से ही अपने सब्जेक्ट के चलते विरोध का सामना किया था. बाद में कुछ बदलाव करने के बाद फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई. हालांकि यह कुछ राज्यों में अभी भी रिलीज नहीं हुई है. फिल्म में सभी सितारों की भी खूब तारीफ हो रही है. फिल्म में रणवीर ने अलाउद्दीन खिलजी, दीपिका ने रानी पद्मावती और शाहिद ने राजा रावल रतन सिंह का किरदार निभाया है.
