आदित्य रॉय कपूर की अगली फिल्म को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की खबरें सामने आ रही थीं. मिलाप जावेरी की इस फिल्म में भाग्यश्री बोरसे के लीड रोल में होने की चर्चा थी. खबर सामने आते ही दोनों की जोड़ी को लेकर फैंस के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई थी. अब फिल्म से जुड़ी प्रोडक्शन कंपनी टी-सीरीज ने इन खबरों पर सफाई दी है.
भाग्यश्री बोरसे के नाम पर सामने आया बड़ा अपडेट
दरअसल, रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भाग्यश्री बोरसे को मिलाप जावेरी की अगली फिल्म में आदित्य रॉय कपूर के साथ कास्ट किया गया है. हालांकि, अब टी-सीरीज ने इन खबरों को गलत बताया है. प्रोडक्शन हाउस के मुताबिक, भाग्यश्री इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. कंपनी की ओर से यह भी साफ किया गया है कि फिल्म में आदित्य रॉय कपूर के साथ कौन सी अभिनेत्री नजर आएंगी, इसका ऐलान अभी नहीं हुआ है. मेकर्स जल्द ही फीमेल लीड के नाम की आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं.
मिलाप जावेरी बना रहे हैं फिल्म
आदित्य रॉय कपूर की इस फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी कर रहे हैं. फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. हालांकि, निर्देशक ने पहले इस प्रोजेक्ट को एक इंटेंस और एक्शन से भरपूर लव स्टोरी बताया था. मिलाप जावेरी अपनी फिल्मों में रोमांस के साथ एक्शन और दमदार डायलॉग्स के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में आदित्य रॉय कपूर के साथ उनका यह प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले ही चर्चा में आ गया है.
अभी सामने नहीं आया हीरोइन का नाम
टी-सीरीज की सफाई के बाद अब फैंस की नजर इस बात पर है कि आदित्य रॉय कपूर के साथ आखिर कौन सी अभिनेत्री दिखाई देगी. फिलहाल मेकर्स ने नाम को सीक्रेट रखा है. भाग्यश्री बोरसे के फिल्म में शामिल होने की खबरों पर भी अब विराम लग गया है.
भाग्यश्री के पास हैं कई प्रोजेक्ट
वहीं, भाग्यश्री बोरसे के पास दूसरे कई प्रोजेक्ट मौजूद हैं. अभिनेत्री दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी काम कर रही हैं. वह जल्द ही तमिल फिल्म 'सेयोन' में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ शिवकार्तिकेयन दिखाई देंगे. इस फिल्म को कमल हासन प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिलहाल आदित्य रॉय कपूर की फिल्म की फीमेल लीड को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. अब देखना होगा कि टी-सीरीज किस अभिनेत्री के नाम पर मुहर लगाती है.
ये भी पढ़ें: शर्मिला टैगोर के वंदे मातरम बयान पर भड़कीं कंगना रनौत? बोलीं- हिंदू-मुस्लिम की सोच से बाहर निकलें
