भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री रानी चटर्जी अपनी बेबाक राय और दमदार अंदाज के लिए जानी जाती हैं. ‘भोजपुरी बवाल’ में उन्होंने बॉडी शेमिंग और अपने वजन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर खुलकर बात की. बातचीत के दौरान रानी ने साफ कहा कि वह लोगों की बातों में आकर अपनी सेहत के साथ समझौता नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि सिर्फ साइज जीरो दिखने के लिए वह अपनी हेल्थ खराब नहीं करेंगी और अपने लिए वही करेंगी, जो उनकी सेहत के लिए सही होगा.
‘साइज जीरो के लिए हेल्थ खराब नहीं करूंगी’
रानी चटर्जी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग बिना सोचे-समझे किसी के शरीर और वजन पर टिप्पणी कर देते हैं. लेकिन उन्हें यह नहीं पता होता कि सामने वाला व्यक्ति किस तरह की स्थिति से गुजर रहा है. एक्ट्रेस ने अपने अंदाज में कहा,
“मैं मोटी हूं और मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है. मैं साइज जीरो करने के लिए अपनी हेल्थ खराब नहीं करूंगी. जो मेरी सेहत के लिए सही होगा, वही खाऊंगी.”
22 साल के करियर का भी किया जिक्र
रानी चटर्जी ने बातचीत के दौरान अपने 22 साल लंबे करियर का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वह करीब 22 वर्षों से भोजपुरी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं. इतने लंबे सफर में उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई. रानी ने कहा कि उनका करियर उनकी मेहनत और काम की बदौलत बना है. इसलिए अब वह सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग या लोगों की बातों को अपने ऊपर हावी नहीं होने देतीं.
फैंस को पसंद आया रानी का अंदाज
रानी चटर्जी का यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है. उनके फैंस एक्ट्रेस के आत्मविश्वास की तारीफ कर रहे हैं. रानी ने अपने जवाब के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि किसी के शरीर को लेकर की गई टिप्पणी से ज्यादा जरूरी अपनी सेहत और खुद को स्वीकार करना है. रानी का कहना है कि वह दूसरों की पसंद के हिसाब से अपनी जिंदगी नहीं बदलेंगी. उनके लिए फिटनेस का मतलब सिर्फ पतला दिखना नहीं, बल्कि स्वस्थ रहना है.
भोजपुरी बवाल में सितारों की मस्ती ने बढ़ाया एंटरटेनमेंट का तड़का
भोजपुरी बवालएक एंटरटेनमेंट टॉक शो है, जिसमें भोजपुरी सिनेमा के साथ-साथ बॉलीवुड और मनोरंजन जगत के चर्चित सितारे नजर आ रहे हैं. शो में कलाकारों के बीच मजेदार बातचीत, दिलचस्प किस्से, गेम्स और मस्ती देखने को मिलती है. हाल के प्रोमो में मल्लिका शेरावत और तेज प्रताप यादव की मजेदार बॉन्डिंग ने दर्शकों का ध्यान खींचा है. इससे पहले शो में काजल राघवानी, आम्रपाली दुबे समेत भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित चेहरे भी नजर आ चुके हैं. यही वजह है कि भोजपुरी बवाल अपने अनोखे अंदाज और सेलिब्रिटी की मजेदार केमिस्ट्री को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: बिहार की सारी लड़कियां लट्टू हो जाएंगी... लालू यादव के बेटे ने मल्लिका शेरावत के लिए पहनी टक्सीडो, Video
