‘CD बनाकर सुनते हैं मेरे गाने...’ भारत में 10 साल से दूर आतिफ असलम ने बताया, कैसे आज भी फैंस तक पहुंच रही है उनकी आवाज

पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम ने भारत में करीब 10 साल से काम न करने पर खुलकर बात की. उन्होंने भारतीय फैंस के प्यार का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन्हें भारत में काम करने की कमी महसूस नहीं होती, बल्कि इस दूरी ने उन्हें अपना संगीत बनाने और खुद को एक कलाकार के तौर पर एक्सप्लोर करने का मौका दिया.

पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम की आवाज के भारतीय फैंस आज भी दीवाने हैं. भारत में करीब एक दशक से काम नहीं करने के बावजूद उनके गाने लगातार सुने जाते हैं. अब आतिफ ने भारत में अपने काम पर लगी रोक और भारतीय फैंस के प्यार को लेकर खुलकर बात की है. क्रिस फेड के यूट्यूब चैनल पर हुई बातचीत के दौरान आतिफ ने बताया कि भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगी रोक के कारण वह पिछले करीब 10 साल से वहां कोई गाना नहीं कर पाए हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय फैंस अब भी अलग-अलग तरीकों से उनका संगीत सुन रहे हैं.

VPN से गाने सुन रहे हैं फैंस

आतिफ असलम ने बताया कि उनके भारतीय फैंस वीपीएन के जरिए उनका संगीत सुनते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके गानों की सीडी बनाकर दूसरों तक पहुंचाते हैं. आतिफ ने साफ किया कि वह पायरेसी को बढ़ावा नहीं देते, लेकिन उनका मानना है कि संगीत को जहां पहुंचना होता है, वह वहां पहुंच ही जाता है.

‘मुझे भारत में काम करने की याद नहीं आती’

भारत में दोबारा काम करने को लेकर आतिफ ने कहा कि उन्हें भारतीय फैंस की याद आती है, लेकिन वहां काम करने की कमी महसूस नहीं होती. उन्होंने कहा कि प्लेबैक सिंगिंग से उन्होंने काफी कुछ सीखा है. आतिफ के मुताबिक, अगर भारत में काम करने पर रोक नहीं लगी होती, तो शायद वह अपना खुद का संगीत बनाने की दिशा में आगे नहीं बढ़ पाते.

‘मुझे बैन करने वालों का भी शुक्रिया’

आतिफ असलम ने भारत में लगे बैन को अपने लिए एक अलग तरह का अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि इस स्थिति ने उन्हें खुद को एक्सप्लोर करने और अपने संगीत पर ज्यादा ध्यान देने का मौका दिया. उन्होंने यहां तक कहा कि वह उन लोगों का भी शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने उन्हें बैन किया, क्योंकि इसी वजह से वह अपने अंदर के कलाकार को एक अलग तरीके से समझ पाए.

2016 के बाद पाकिस्तानी कलाकारों पर लगी रोक

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद साल 2016 में पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने को लेकर पाबंदियां लगाई गई थीं. उरी आतंकी हमले के बाद भारतीय मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों को नए प्रोजेक्ट में काम न देने का प्रस्ताव पास किया था. इसके बाद 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने को लेकर सख्त रुख अपनाया गया.

बॉलीवुड में आतिफ के गाने रहे हैं बेहद लोकप्रिय

आतिफ असलम ने भारतीय संगीत प्रेमियों के बीच अपनी खास पहचान बनाई. उनके गाने ‘आदत’, ‘वो लम्हे’, ‘तेरे बिन’, ‘पहली नजर में’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘तू जाने ना’, ‘जीने लगा हूं’, ‘बे इंतहां’ और ‘जीना जीना’ काफी लोकप्रिय रहे हैं. भारत में काम नहीं करने के बावजूद आतिफ असलम की आवाज आज भी बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों तक पहुंच रही है.

ये भी पढ़ें: रिजर्वेशन पर सवाल उठाना पड़ा भारी? रैपर शेंटी शर्मा बोले- मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikita Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >