Arijit Singh Love Story: सिंगर अरिजीत सिंह ने हाल ही में अपनी प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान किया और इस खबर ने म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस दोनों के बीच तहलका मचा दिया. अपनी आवाज और भावनाओं से भरे गानों के लिए अरिजीत का नाम हमेशा याद रखा जाएगा. लेकिन इस खबर के साथ ही उनके फैंस उनकी पर्सनल लाइफ में भी दिलचस्पी लेने लगे. इसी बीच आइए अरिजीत सिंह की लव स्टोरी के बारे में जानते हैं.
बचपन की दोस्त बनी जीवन साथी
अरिजीत सिंह हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं. वह सादगी और जमीन से जुड़ी जिंदगी जीते हैं. लेकिन जब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास का ऐलान किया, तो सबकी नजरें उनके जीवन की निजी कहानी पर भी टिक गई. 20 जनवरी अरिजीत के लिए सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का एक खास दिन भी है. इसी दिन उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त कोयल रॉय से शादी की थी. यह उनकी दूसरी शादी थी.
एक साल में ही टूट गई पहली शादी
अरिजीत ने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी. यही शो उन्हें पहचान दिलाने वाला मंच साबित हुआ. इस बीच उन्होंने अपने पहले प्यार रूपरेखा बनर्जी से शादी की. लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और शादी के सिर्फ एक साल बाद ही उनका तलाक हो गया. इस टूटे रिश्ते का दर्द अरिजीत की गायकी में गहराई छोड़ गया. कुछ समय बाद अरिजीत की जिंदगी में उनकी बचपन की दोस्त कोयल रॉय आई. कोयल पहले से तलाकशुदा थी और उनकी एक बेटी भी थी. अरिजीत ने इस रिश्ते को नई शुरुआत मानते हुए कोयल को प्रपोज किया.
तीन बच्चों संग रहते है अरिजीत
20 जनवरी 2014 को अरिजीत और कोयल ने पश्चिम बंगाल के एक मंदिर में सादगी से शादी की. अरिजीत ने अपने इस खास दिन को लंबे समय तक मीडिया से दूर रखा. आज दोनों एक खुशहाल परिवार के रूप में जीवन जी रहे हैं. उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें से एक कोयल की पहली शादी से है. इतनी सफलता के बावजूद अरिजीत सिंह आज भी अपने सादगी के लिए जाने जाते हैं. उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों ही फैंस के लिए प्रेरणा हैं. अरिजीत के फैंस उनके संगीत और निजी जीवन दोनों में उनके साथ जुड़े रहते हैं.
