अलीबाग में यश-राधिका ने खरीदी करोड़ों की प्रीमियम प्रॉपर्टी, शाहरुख-विराट के बने पड़ोसी

Actor Yash: साउथ सुपरस्टार यश और उनकी पत्नी राधिका पंडित ने अलीबाग में करीब 24 करोड़ रुपये की प्रीमियम सी-फेसिंग प्रॉपर्टी खरीदी है. इस डील के बाद वे शाहरुख खान, विराट कोहली, अमिताभ बच्चन और कई अन्य नामी सितारों के पड़ोसी बन गए हैं.

Actor Yash: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के अलीबाग में की गई एक बड़ी प्रॉपर्टी डील है. बिजनेस स्टैंडर्ड और रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म लायसेस फोरस की रिपोर्ट्स के अनुसार, यश और उनकी पत्नी राधिका पंडित ने अलीबाग के एक प्रीमियम इलाके में करोड़ों रुपये की संपत्ति खरीदी है. यह इलाका लंबे समय से बॉलीवुड और खेल जगत की नामी हस्तियों का पसंदीदा ठिकाना माना जाता है.

अलीबाग के कमाथ गांव में खरीदी जमीन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह संपत्ति रायगढ़ जिले के अलीबाग तालुका स्थित कमाथ गांव में है. यश और राधिका ने यहां दो सटे हुए भूखंड खरीदे हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 5,289 वर्ग मीटर बताया जा रहा है. इस डील की कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई जा रही है. प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के दौरान करोड़ों रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और अन्य शुल्क भी जमा किए गए हैं.

सी-फेसिंग लोकेशन बना रही है खास

अलीबाग अपनी खूबसूरत समुद्री तटरेखा, हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यही कारण है कि कई बड़े सितारे यहां छुट्टियां बिताने या निवेश करने के लिए प्रॉपर्टी खरीद चुके हैं. यश और राधिका की नई संपत्ति भी समुद्र के करीब स्थित बताई जा रही है, जिससे इसकी कीमत और आकर्षण दोनों बढ़ जाते हैं.

इन सितारों के पड़ोसी बने यश

अलीबाग में पहले से ही कई बड़े सितारों के आलीशान घर मौजूद हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, सुहाना खान, अमिताभ बच्चन, कार्तिक आर्यन और कृति सेनन जैसी हस्तियां निवेश कर चुकी हैं. ऐसे में यश और राधिका अब देश की कई चर्चित हस्तियों के पड़ोसी बन गए हैं.

‘टॉक्सिक’ को लेकर भी चर्चा में हैं यश

प्रॉपर्टी निवेश के अलावा यश अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर भी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कई बार बदलाव की खबरें सामने आ चुकी हैं. इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार नजर आएंगे. फैंस को इस फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है.

यह भी पढ़ें: शिल्पा शिंदे के बयान से मचा बवाल, AICWA ने उठाई जांच की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >