अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया टीवी इंडस्ट्री के युवा अभिनेताओं में से एक हैं. कई सफल शोज का हिस्सा रह चुके विजयेंद्र सुपरहिट फ्रेंचाइजी शो ‘नागिन 4’ में इन दिनों नजर आ रहे हैं. खुद को फिट रखने के लिए रेगुलर एक्सरसाइज और बैलेंस डायट को वह हिट फॉर्मूला बताते हैं. एक नजर उनकी फिटनेस और डाइट पर.
विजयेंद्र ने खास बातचीत में कहा कि अपने स्कूल के दिनों में मैं काफी मोटा बच्चा हुआ करता था. तब मेरी उम्र 17-18 साल की रही होगी. उस वक्त मैंने महसूस किया कि मुझे अपना वजन कम करना चाहिए. उसके बाद जो मैंने वर्कआउट शुरू किया, उसे आज भी बरकरार रखा है. हमेशा मैंने अपनी फिटनेस को महत्व दिया है. हफ्ते में तीन से चार दिन जिम जाता हूं. हर दिन कम से कम दो मसल्स पर काम करता हूं. जिम में बॉडी जिस तरह से वर्कआउट करते हुए पम्प होती है, वह बॉडी के लिए बहुत अच्छा होता है. यही वजह है कि मैं एक घंटे बिना ब्रेक के लगातार एक्सरसाइज़ करता हूं. अगर कभी मुझे शूटिंग की वजह से जिम जाने का समय नहीं मिल पाया, तो घर पर ही पुशअप और पुलअप कर लेता हूं. जिम के अलावा मैं वॉक पर भी जाता हूं. खुद को फिट रखने के का यह सभी के लिए बेहद आसान तरीका है. फिटनेस की सबसे अच्छी बात यह है कि आपकी पर्सनालिटी निखरकर सामने आती है. हर कपड़ा आप पर बखूबी जंचता है.
थोड़े-थोड़े अंतराल पर खाना सही
विजयेंद्र ने कहा कि अपनी डाइट की बात करूं, तो उसमें कार्ब्स कम और प्रोटीन की मात्रा ज्यादा होती है. नाश्ते में अंडा अलग-अलग तरह से शामिल करता हूं. अंडे के साथ फल और कूटे हुए अनाज का सीरिअल शामिल होता है. लंच में चिकन और क्विनोआ के साथ एक कटोरी दाल होती है. उन्होंने कहा कि शाम के नाश्ते में ज़्यादातर उबले हुए अंडों के साथ थोड़े सूखे मेवे होते हैं. डिनर हल्का होता है, जिसमें सूप और अंडे का कुछ होता है. आपको फिट रहने के लिए खाने-पीने का ध्यान रखना ही होगा. खाना थोड़े-थोड़े अंतराल पर खाएं और थोड़ा ही खाएं. अगर आप कभी पसंद की वजह से अनहेल्दी चीजें खा लेते हैं, तो फिर जिम में ज्यादा पसीना बहाएं. हम एक्टर्स को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना पड़ता है. हर किसी की तरह मुझे भी जंक फूड बहुत पसंद है और मिठाई का भी मैं बहुत शौकीन हूं, लेकिन मैं खुद को कंट्रोल करता हूं.
फिटनेस आइडल : सलमान खान मेरे फिटनेस आइडल रहे हैं. सलमान सर की फिल्में देख-देख कर मैं बड़ा हुआ हूं. स्कूल डेज में हम सभी उन्हें कॉपी किया करते थे. आज भी सलमान मुझे जिम जाने के लिए मोटिवेट करते हैं. उनसे सीखने की चीज है कि खुद को शेप में कैसे रखा जा सकता है.
फिटनेस कॉम्प्लिमेंट : मुझे अक्सर एक ही तारीफ मिलती है कि मैंने जिस तरह से अपनी बॉडी को मेंटेन किया है, वह मुझे मेरी उम्र से मुझे कम दिखाती है. यह सच भी है. अगर आप शुरू से एक्सरसाइज में बने रहते हैं, तो आसानी से आपकी सही उम्र का पता नहीं चलता.
परिचय : विजयेंद्र कुमेरिया
जन्म : 12 अक्तूबर (अहमदाबाद)
लंबाई व वजन : 5 फुट-11 इंच, 74 किलो
एक्टिंग कैरियर : 2011 में ‘छोटी बहू’ से शुरुआत की. इसके बाद द कमांडो फोर्स, आज की हाउसवाइफ…, तुम्हारी पाखी, शास्त्री सिस्टर्स, उड़ान आदि शोज में दिखे. अब नागिन 4 में.
हॉबी : किताबें पढ़ना और फिल्में देखना
कुछ खास : जेट एयरवेज में बतौर केबिन क्रू नौकरी शुरू की और कुलीग प्रीति भाटिया से शादी की. पांच वर्षों बाद एक्टिंग ड्रीम को पूरा करने मुंबई आ गये.
बातचीत : उर्मिला कोरी, मुंबई
