मुंबई : जाने माने मराठी संगीतकार यशवंत देव का संक्षिप्त बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया. उनकी उम्र 91 वर्ष थी. देव ने सुश्रुषा अस्पताल में देर रात करीब डेढ़ बजे आखिरी सांस ली.
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें चिकुनगुनिया हुआ था और वह 20 दिनों से वहां (अस्पताल में) भर्ती थे. बाद में उन्हें निमोनिया होने की बात सामने आयी. फिर उनके गुर्दे ने ठीक से काम करना बंद कर दिया और अन्य समस्याएं भी उत्पन्न हो गयी.
मंगलवार को दादर श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया गया. देव का जन्म एक नवंबर 1926 को हुआ था. वह मराठी संगीत जगत का एक बड़ा नाम थे, उन्होंने 40 से अधिक मराठी फिल्मों और नाटकों में संगीत दिया है.
उन्होंने बतौर सितार वादक आकाशवाणी में भी काम किया था. लता मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित संगीतकार अपने भाव गीत के लिए भी पहचाने जाते थे.
